सोशल मीडिया पर अलर्ट होते ही पुलिस की त्वरित कार्रवाई, महज 1 घंटे में चोरी हुआ ऑटो किया जब्त

सीहोर। सोशल मीडिया की एक सूचना और आष्टा पुलिस की मुस्तैदी से ऑटो चोरी के एक मामले का महज 1 घंटे के भीतर पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3.50 लाख रुपये कीमत का चोरी हुआ ऑटो बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दिनेश शर्मा निवासी बुधवारा बाजार आष्टा द्वारा सोशल मीडिया पर सूचना प्रसारित की गई थी कि 31 अगस्त की रात लगभग 8.30 बजे नया बस स्टैंड बीकानेर स्वीट्स के सामने से सवारी ऑटो को कोई अज्ञात चोर चुरा ले गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आष्टा गिरीश दुबे ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल शहर में भ्रमण कर रही सभी गश्ती टीमों को अलर्ट किया। सउनि सुभाष कटारे, सउनि जगदीश धुर्वे, प्रआर. मुकेश शर्मा, आर. शुभम मेवाड़ा, आर. प्रवीण, आर. अमित ठाकुर, आर. सुरेंद्र राणा और सैनिक कमल मेवाड़ा की अलग-अलग टीमें गठित कर शहर के सभी निकास मार्गों पर सर्चिंग शुरू की गई। राहगीरों और फुटपाथ दुकानदारों से पूछताछ के दौरान सुराग मिला कि एक हरे रंग का ऑटो सीहोर की ओर काफी तेज गति से जा रहा है। जानकारी मिलते ही पुलिस टीमों ने भोपाल-इंदौर हाईवे पर पीछा किया और ग्राम वेदाखेड़ी के पास घेराबंदी कर ऑटो को रोक लिया।
भागने का प्रयास विफल, आरोपी गिरफ्तार
ऑटो रुकते ही चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन आरक्षक प्रवीण और आरक्षक शुभम मेवाड़ा ने दौडक़र उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जीतू कुशवाह निवासी ग्राम अब्दुल्लापुरा आष्टा बताया। फरियादी देवराज सोलंकी निवासी इंदिरा कॉलोनी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर ऑटो जब्त कर लिया। आरोपी जीतू कुशवाह को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Exit mobile version