पुलिस का ‘नशा मुक्ति’ अभियान, एक महीने में 87 पर एफआईआर

सीहोर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत जनवरी माह में पुलिस ने जिले भर में शराब माफियाओं के नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब और वाहन जब्त किए हैं।
एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने बताया कि जनवरी महीने में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कुल 84 प्रकरण दर्ज किए। इन मामलों में 87 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।
लाखों की शराब और वाहन बरामद
पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई में कुल 1021 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है, जिसमें देशी, अंग्रेजी और हाथ भट्टी से बनी कच्ची शराब शामिल है। जब्त की गई शराब की कुल बाजार कीमत लगभग 5 लाख 76 हजार 645 रुपये आंकी गई है।
परिवहन में लगी कारें और बाइक भी जब्त
शराब तस्करी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने न केवल शराब पकड़ी, बल्कि तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों पर भी शिकंजा कसा है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 03 कारें और 01 मोटरसाइकिल जब्त की है, जिनका उपयोग अवैध शराब की सप्लाई के लिए किया जा रहा था।



