Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

अपराधों पर लगाम और पीडि़तों को त्वरित न्याय पुलिस की प्राथमिकता: एसपी शुक्ला

सीहोर। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में अजाक शाखा, यातायात पुलिस और महिला सुरक्षा शाखा के कार्यों की बारीकी से समीक्षा की गई। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए और शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र पीडि़त तक पहुँचाया जाए।
बैठक के दौरान अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत राहत राशि वितरण पर विशेष चर्चा हुई। एसपी ने बताया कि पिछले 15 महीनों में 274 प्रकरणों में पीडि़तों को 5 करोड़ 7 लाख 55 हजार रुपये की राशि दिलाई गई। शेष 58 लंबित प्रकरणों में जल्द प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। 264 प्रकरणों में न्यायालयीन निर्णय के बाद 7 करोड़ 88 लाख 65 हजार रुपये से अधिक की राशि वितरित की गई। एसपी ने उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण चढ़ोकर को निर्देश दिए कि 3 माह से अधिक पुराने मामलों की समीक्षा कर चालान शीघ्र न्यायालय में पेश किए जाएं।
ऑपरेशन मुस्कान की शुरुआत
महिला संबंधी अपराधों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर एसपी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 1 अप्रैल से एक माह का विशेष ऑपरेशन मुस्कान अभियान शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य गुमशुदा बालक-बालिकाओं को ढूंढकर उनके परिजनों से मिलाना है। पिछले 3 महीनों में 51 बच्चों को सकुशल बरामद किया जा चुका है। एसपी ने पॉक्सो एक्ट के उन मामलों को प्राथमिकता से सुलझाने के निर्देश दिए जो 2 माह से अधिक समय से लंबित हैं।
ब्लैक स्पॉट्स पर रहेगी नजर
सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात प्रभारी सूबेदार बृजमोहन धाकड़ को नई कार्ययोजना पर काम करने के निर्देश दिए गए कि जिले में चिह्नित 8 खतरनाक मोड़ों (ब्लैक स्पॉट) पर चेतावनी बोर्ड लगाने के लिए एमपीआरडीसी से तालमेल किया जाएगा। शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार पर लगाम कसने के लिए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नि:शुल्क उपचार
प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को 1.50 लाख रुपये तक के नि:शुल्क उपचार का लाभ दिलाने हेतु पुलिस विभाग द्वारा सत्यापन प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी।
बैठक में इनकी रही उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत, डीएसपी महिला सुरक्षा पूजा शर्मा, डीएसपी अजाक प्रवीण चढ़ोकर, महिला थाना प्रभारी धनवंतरी ठाकुर और यातायात प्रभारी सूबेदार बृजमोहन धाकड़ प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button