रुद्राक्ष महोत्सव की तैयारी: सीहोर में रुकेंगी सभी प्रमुख ट्रेनें, 2.40 लाख फीट में फैला पंडाल

सीहोर। प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम में आगामी 14 से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाले रुद्राक्ष महोत्सव और शिव महापुराण कथा के लिए इस बार प्रशासन और विठलेश सेवा समिति ने दोगुने इंतजाम किए हैं। कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में होने वाले इस आयोजन के लिए रेलवे ने श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात देते हुए सीहोर स्टेशन से गुजरने वाली अधिकांश ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी दे दी है।
भीड़ के पिछले अनुभवों को देखते हुए इस बार बैठने की व्यवस्था को काफी विस्तार दिया गया है। मंदिर परिसर में 1 लाख 80 हजार स्क्वायर फीट का स्थाई और 60 हजार स्क्वायर फीट का अस्थाई पंडाल तैयार किया जा रहा है। कुल 2 लाख 40 हजार स्क्वायर फीट के इस क्षेत्र में लाखों श्रद्धालु एक साथ कथा श्रवण कर सकेंगे। श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए विशेष कॉरिडोर का निर्माण भी किया गया है।
पेयजल व्यवस्था और विशाल भोजनशाला
समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 10 एकड़ क्षेत्र में विशाल भोजनशाला तैयार की गई है, जहां निरंतर भंडारा चलेगा। वहीं भीषण गर्मी और जरूरत को देखते हुए 1 लीटर पानी की बोतल मात्र 5 रुपये में उपलब्ध कराई जाएगी। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए धाम से रेलवे स्टेशन के बीच 20 अस्थाई अस्पताल बनाए जा रहे हैं।
हाईटेक निगरानी
सुरक्षा के लिहाज से पूरे परिसर को छावनी में तब्दील किया गया है। 256 हाईटेक सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। पुलिस और स्वयंसेवकों के साथ-साथ फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की टीमें तैनात रहेंगी। ट्रैफिक को सुगम बनाने के लिए नेशनल हाईवे पर मार्ग परिवर्तन और वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था की गई है।



