सडक़ हादसों पर लगाम लगाने की तैयारी, घायलों को मिलेगा 1.5 लाख तक का मुफ्त इलाज, पीएम राहत योजना लागू

कलेक्टर-एसपी ने ली सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक, ब्लैक स्पॉट सुधारने और अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश

सीहोर। जिला सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक गुरुवार को कलेक्टर बालागुरु के. की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने, घायलों को तुरंत उपचार दिलाने और शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए कई कड़े और महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। कलेक्टर और एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने साफ किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अब सख्ती बरती जाएगी।
बैठक में कलेक्टर ने पीएम राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। इसके तहत सडक़ हादसे में घायल व्यक्ति को दुर्घटना के पहले 7 दिनों तक अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस निशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। गंभीर स्थिति में 48 घंटे तक स्टेबलाइजेशन उपचार। सामान्य स्थिति में 24 घंटे तक तत्काल उपचार। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और परिवहन विभाग आपसी समन्वय से पीडि़तों को इस योजना का लाभ दिलाएं।
कुबेरेश्वर धाम हाईवे पर लगेंगी हाई मास्ट लाइटें
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए कलेक्टर ने कुबेरेश्वर धाम के सामने हाईवे पर हाई मास्ट लाइटें लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हाईवे पर तेज रफ्तार को रोकने के लिए टोल नाकों के पास स्पीड रडार गन का उपयोग कर चालानी कार्रवाई करने को कहा गया है।
ब्लैक स्पॉट का होगा सुधार, लाइसेंस होंगे सस्पेंड
बैठक में निर्देश दिए गए कि जिले के सभी दुर्घटना संभावित क्षेत्रों ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर उनमें सुधार की कार्रवाई लगातार की जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के केवल चालान ही नहीं काटें, बल्कि जरूरत पडऩे पर उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने के प्रस्ताव भी भेजे जाएं।
मददगारों को मिलेगा जिला प्रशासन से इनाम
सडक़ हादसे में घायलों की जान बचाने के लिए उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने वाले नेक मददगारों को जिला प्रशासन द्वारा प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए कलेक्टर ने सडक़ों पर से अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश दिए। इसके अलावा सडक़ निर्माण के बीच आ रहे बिजली के पोल को भी जल्द शिफ्ट करने को कहा गया है ताकि ट्रैफिक संचालन में बाधा न आए। बैठक में डीएफओ अर्चना पटेल, आरटीओ रीतेश तिवारी, यातायात प्रभारी बृजमोहन धाकड़ सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Exit mobile version