
सीहोर। चैत्र नवरात्रि के दौरान मां बिजासन धाम सलकनपुर में दर्शन करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के चार पहिया वाहन भी उपर तक जा सकेंगे। इसके अलावा टैक्सियां भी भक्तों को उपर लाने ले जाने का कार्य करती रहेंगी। बाहर से आने वाले श्रद्धालु अपने खुद के वाहन से भी दर्शन के लिए उपर तक जा सकेंगे। इधर नवरात्रि पर्व को लेकर सलकनपुर स्थित मां बिजासन मंदिर की विशेष साज-सज्जा की गई है तो वहीं यहां पर विशेष पूजा-अर्चना भी होगी। नौ दिनों में लाखों श्रद्धालु यहां पर पहुंचेंगे और मां के दरबार में हाजिरी लगाएंगे। श्रद्धालु-भक्तों की सुरक्षा को लेकर भी पुख्ता इंतजार किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा का पहरा लगाया गया है, ताकि किसी को कोई परेशानी न आए। यहां पर 200 से अधिक पुलिसकर्मी अलग-अलग शिफ्टों में तैनात रहेंगे तो वहीं अधिकारियों को भी जिम्मेदारियां सौंपी गईं हैं।
देशभर से आते हैं श्रद्धालु-भक्त-
यूं तो वर्षभर देशभर सहित प्रदेशभर से सलकनपुर प्रतिदिन सैकड़ों भक्त पहुंचते हैं, लेकिन नवरात्रि के दौरान मां बिजासन धाम सलकनपुर में लाखों श्रद्धालु दर्शन एवं पूजा अर्चना के लिए आते हैं। नवरात्रि में यहां विशाल मेला लगता है। चैत्र नवरात्रि पर लाखों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए आते हैं। मां का दरबार भोपाल से करीब 75 किलोमीटर दूर सीहोर जिले के सलकनपुर नामक गांव में स्थित है। मंदिर परिसर तक रोपवे और सड़क मार्ग के साथ ही सीढ़ी मार्ग से भी जाया जा सकता है। मंदिर परिसर तक लगभग 1400 सीढ़ियां हैं।
शुभ मुहूर्त में होगी घट स्थापना –
सलकनपुर में नवरात्रि के पहले दिन 19 मार्च को शुभ मुहुर्त में घट स्थापना की जाएगी। घट स्थापना का शुभ मुहुर्त सुबह 6.52 से 08.06 तक है। इसके बाद अभिजीत मुहूर्त दोपहर 12.22 से दोपहर 01.11 तक है।