
सीहोर। आध्यात्मिकता के साथ युवाओं में ऊर्जा और शक्ति का संचार करने के उद्देश्य से आगामी 19 सितंबर को शहर के लिसा टॉकीज परिसर में एक विशाल युवा सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सम्मेलन में पंडित मिश्रा युवाओं को भगवान शिव की भक्ति से प्राप्त होने वाली सकारात्मक ऊर्जा, प्रगति और परम शक्ति से परिचित कराएंगे।
युवा भाजपा नेता राजकुमार जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित हो रहे इस कार्यकर्ता व युवा सम्मेलन में विधायक सुदेश राय भी शिरकत कर युवाओं को अपना मार्गदर्शन देंगे। वहीं फिल्म और टेलीविजन जगत के प्रसिद्ध अभिनेता अखिलेंद्र मिश्रा भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। वे अभिनय के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे और फिल्म-टीवी की दुनिया की बारीकियों से रूबरू कराएंगे।
रोजगार और युवा समस्याओं पर होगी गंभीर चर्चा
आयोजक राजकुमार जायसवाल ने बताया कि 19 सितंबर को होने वाला यह युवा सम्मेलन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के युवाओं के अधिकारों, शिक्षा, रोजगार और स्थानीय समस्याओं के ठोस समाधान का प्रमुख मंच बनेगा। सम्मेलन के दौरान युवाओं की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना जाएगा और उनके निराकरण के लिए भावी योजनाएं तैयार की जाएंगी।
तैयारियों को लेकर हुई बैठक
सम्मेलन की रूपरेखा को लेकर बीते दिनों लिसा टॉकीज परिसर में एक बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में भाजपा जिला महामंत्री पंकज गुप्ता, मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।