
इछावर। क्षेत्र में विकास कार्य नहीं होने से भाजपा के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है। गांव-गांव में सडक़ों और नालियों के निर्माण नहीं होने से क्षेत्रवासी परेशान हैं। सोयाबीन की फसल खराब हुई थी, लेकिन किसानों को वे न मुआवजा दिला पाए और न बीमा राशि दी। किसानों में भी भाजपा को लेकर आक्रोश है। ये बातें इछावर विधानसभा से लोकप्रिय और जनता के मध्य सेवक के रूप में कार्य करने वाले कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल ने कही। कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व विधायक श्री पटेल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ ग्राम रत्नाखेड़ी, सोहनछापरी, अमामाय, सेमलघाटा, देहरिया खुर्द, खुरानिया, भंडेली, चौनपुरा, नापली और खेड़ली आदि में जनसंपर्क किया। इस दौरान पूरे उत्साह के साथ ग्रामीणों ने श्री पटेल का स्वागत किया। इस दौरान शैलेंद्र पटेल ने कहा कि क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी जनता के कार्य में आलसी है, जिससे इछावर क्षेत्र विकास की रफ्तार में पिछड़ गया है। यहां का किसान परेशान है और बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। आगामी दिनों में प्रदेश में कांग्रेस की बहुमत की सरकार बनने वाली है। नोटों के बदले सरकार खरीदने वालों को जनता बेरोजगार करने वाली है। श्री पटेल ने कहा कि वह अपने जनसंपर्क के दौरान लोगों से चर्चा करते हैं, जिसमें भाजपा के प्रति क्षेत्र में जनता का आक्रोश है। जनता कहती है कि 15 वर्षों से ज्यादा समय से भाजपा की सरकार है, लेकिन यहां के लोग बेरोजगार हैं। कंपनियों में उन्हें जॉब नहीं मिलता है। जॉब पाने के लिए लाखों की रिश्वत देनी पड़ती है। हर बार भाजपा वाले कहते हैं रोड बना देंगे, लेकिन जर्जर सडक़ों का जाल इछावर क्षेत्र में व्याप्त है।