बुधनी में होटलों-दुकानों पर छापा…

सीहारे। घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग को रोकने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने बुधनी क्षेत्र में सघन छापामार कार्रवाई की। इस दौरान होटलों और विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से 12 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से बाजार में हडक़ंप मच गया।
सहायक आपूर्ति अधिकारी प्रकाश यादव और मृगी अग्रवाल के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम ने बुधनी स्थित 7 प्रमुख दुकानों और व्यावसायिक संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि कई होटल संचालक और दुकानदार नियमों को ताक पर रखकर रसोई गैस सिलेंडर का उपयोग व्यावसायिक कार्यों के लिए कर रहे थे। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके से 12 सिलेंडर जब्त किए और संबंधित दुकानदारों के खिलाफ प्रकरण तैयार किया।
दुरुपयोग रोकने के लिए सख्त निर्देश
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर केवल घरों में खाना बनाने के लिए रियायती दरों पर दिए जाते हैं। इनका इस्तेमाल होटलों या फैक्ट्रियों में करना कानूनी अपराध है। कलेक्टर के स्पष्ट निर्देश हैं कि जहां भी इस तरह का उल्लंघन पाया जाए, वहां कड़ी कार्रवाई की जाए। टीम ने चेतावनी दी है कि यह छापामार कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
जिले में गैस की कमी नहीं
एक तरफ जहां शहर में गैस किल्लत की खबरें चर्चा में हैं, वहीं जिला आपूर्ति अधिकारी रेशमा भामोर ने इन दावों को खारिज किया है। उन्होंने बताया कि सीहोर जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति निरंतर बनी हुई है। उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है, जिले में गैस की कोई कमी नहीं है।

Exit mobile version