राजस्थान के शातिर दाउद ने तमिलनाडु की कंपनी को लगाया चूना, 7 टन चोरी का सरिया बरामद

सीहोर। जिला पुलिस ने अंतर्राज्यीय स्तर पर हेराफेरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने राजस्थान निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 7 टन 20 किलो चोरी का सरिया बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख 92 हजार रुपये बताई जा रही है। यह मामला तमिलनाडु के एक व्यवसायी की शिकायत पर दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार घटना का खुलासा तब हुआ जब तमिलनाडु निवासी फरियादी चौपाल नायडू ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी का झागरिया रोड पर मिक्सर प्लांट है। रिपोर्ट के मुताबिक प्लांट पर लोहे के सरिये से भरा एक ट्रॉला खड़ा था। चालक दाउद खान उर्फ आबिद खान जो मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है, रात के अंधेरे में चुपचाप ट्रॉला लेकर निकल गया। सुबह जब वह ट्रॉला वापस लेकर आया और माल की तौल की गई तो उसमें से भारी मात्रा में सरिया कम पाया गया।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी चोरी का माल खपाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने लसुडिया के पास पल्स कॉलोनी स्थित पुराने खंडहर में दबिश दी। वहां से आरोपी दाउद खान को रंगे हाथों हिरासत में लिया गया।
राजस्थान का है मुख्य आरोपी
पकड़ा गया आरोपी दाउद खान उर्फ आबिद खान पिता बदलू खान मूल रूप से ग्राम पाइप, भरतपुर राजस्थान का रहने वाला है। वर्तमान में वह मंडीदीप रायसेन के सेठ मूलचंद नगर में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया पूरा 7 टन सरिया बरामद कर लिया है।
दो दिन की पुलिस रिमांड पर दाउद
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उसका दो दिन का रिमांड हासिल किया है। पुलिस को अंदेशा है कि इस गिरोह के तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं और पूछताछ में कई अन्य बड़ी चोरियों का खुलासा हो सकता है।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस सफलता में एएसआई पतिराम पाटिल, प्रधान आरक्षक मोतीलाल स्वामी, आरक्षक चेतन, शुभम, अमन दुबे और सैनिक मुकेश सोनी की मुख्य भूमिका रही।



