सीहोर जिले के 4443 किसानों के खाते में पहुंची 5 करोड़ 65 लाख रूपए से अधिक की राहत राशि

फसल क्षति से प्रभावित किसानों को हुआ राशि का वितरण

सीहोर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के 19 जिलों के एक लाख 91 हजार 755 किसानों को 202 करोड़ रूपए से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से किसानों के खाते में हस्तांतरित की है। अगस्त 2022 में बाढ़ एवं अतिवृष्टि से कुल दो लाख तीन हजार हेक्टेयर में फसल प्रभावित हुई थी। सर्वे के पश्चात ग्राम पंचायतों में सूची भी प्रदर्शित की गई थी। सीहोेर जिले के 4443 किसानोें के खातोें में भी 5 करोड़ 65 लाख रूपए से अधिक की राहत राशि पहुंचाई गई है। मुख्यमंत्री के वर्चुअल कार्यक्रम में सीहोर के एनआईसी कक्ष से इछावर विधायक करण सिंह वर्मा, सीहोर विधायक सुदेश राय भी वर्चुअली जुड़े। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन के पश्चात विधायकों ने किसानों को फसल क्षति की राशि का हस्तांतरण पत्रक वितरित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि संकट के समय सहायता पहुंचाने तथा जनता की सेवा के लिए सरकार तत्पर है। किसानों की हर परिस्थिति में प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि फसल क्षति से हुए नुकसान के लिए प्रदेश सरकार की ओर से उन्हें राहत राशि प्रदान की जा रही है, जिससे वे अपने नुकसान की भरपाई करें और आने वाले त्योहारों को पूरे हर्षाेल्लास से मनाएं। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किसानों से सर्वें के संबंध में जानकारी भी ली।
सीहोर जिले के इतने किसानोें को मिली राहत राशि-
सीहोर जिले में फसल क्षति से हुए नुकसान के लिए एनआईसी कक्ष में इछावर विधायक करण सिंह वर्मा, सीहोर विधायक सुदेश राय, जिला पंचायत अध्यक्ष गोपाल सिंह इंजीनियर तथा कलेक्टर चन्द्रमोहन ठाकुर ने जिले के किसानों को फसल क्षति के स्वीकृति पत्रक वितरित किए। इस दौरान जिले की सात तहसीलों में कुल 4443 किसानों के खाते में 5 करोड़ 65 लाख 46 हजार 222 रूपए की राशि हस्तांतरित की गई। सीहोर में 333 किसानों के खाते में 42 लाख 10 हजार 681 रूपए की राशि हस्तांतरित की गई। इसी प्रकार श्यामपुर में कुल 439 किसानों को 29 लाख 813 रूपए, इछावर में 49 किसानों को 11 लाख 65 हजार 772 रूपए, नसरुल्लागंज में 1802 किसानों को दो करोड़ 20 लाख 31 हजार 356 रूपए, बुधनी में 1525 किसानों को दो करोड़ 41 लाख 676 रूपए तथा रेहटी में 295 किसानों के खाते में 21 लाख 36 हजार 924 रूपए राशि हस्तांतरित की गई। एनआईसी कक्ष में अपर कलेक्टर गुंचा सनोबर सहित अनेक किसान उपस्थित थे।