
सीहोर। प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम में 14 से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाले रूद्राक्ष महोत्सव एवं शिवमहापुराण कथा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आमजन की सुविधा और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए ऑटो रिक्शा के किराये निर्धारित कर दिए गए हैं।
कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देशानुसार सीहोर रेलवे स्टेशन से कुबेरेश्वर धाम तक ऑटो का किराया 30 रुपये प्रति सवारी तथा सीहोर बस स्टैंड से कुबेरेश्वर धाम तक 25 रुपये प्रति सवारी तय किया गया है। प्रशासन ने सख्त निर्देश दिए हैं कि श्रद्धालुओं से निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने पर कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने सभी ऑटो चालकों को पहचान के लिए अनिवार्य रूप से आई-कार्ड या बैज धारण करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा या भ्रम की स्थिति का सामना न करना पड़े। साथ ही ऑटो चालकों को वाहन की निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने, गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है, जिससे आयोजन के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था बाधित न हो।
जिला परिवहन अधिकारी रीतेश तिवारी ने भी परिवहन व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी वाहनों की फिटनेस और परमिट की वैधता जांचने के निर्देश दिए हैं। बिना फिटनेस या परमिट वाले वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा जो बसें श्रद्धालुओं को कुबेरेश्वर धाम लाने और ले जाने के लिए चलाई जाएंगी, उनमें स्पष्ट रूप से रूट एवं सेवा संबंधी बैनर लगाना अनिवार्य किया गया है। प्रशासन का कहना है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुलभ और व्यवस्थित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि वे महोत्सव में श्रद्धा और उत्साह के साथ शामिल हो सकें।