
सीहोर। गुंडागर्दी और अड़ीबाजी करने वालों के खिलाफ आष्टा पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। ग्राम कोठरी में एक रेस्टोरेंट पर हमला कर 25 हजार रुपये की अड़ीबाजी करने वाले मुख्य आरोपी श्याम पटेल और उसके एक साथी संदीप वर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान जब थाना प्रभारी गिरीश दुबे ने सडक़ पर ही अड़ीबाजों की हेकड़ी निकालते हुए उन पर जमकर लठ कुदाए तो वहां मौजूद पीडि़त परिवार और आम जनता ने आष्टा टीआई जिंदाबाद और पुलिस प्रशासन जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस पूरी कार्रवाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कोठरी में राज रेस्टोरेंट चलाने वाले मुकेश वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अमलाह का रहने वाला सूचीवद्ध गुंडा श्याम पटेल अक्सर अपने साथियों के साथ आकर मुफ्त में खाना खाता था। बीते दिन श्याम पटेल अपने 5 साथियों के साथ सफेद रंग की थार गाड़ी से रेस्टोरेंट पहुंचा और मुकेश से 25 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। जब मुकेश ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने मुकेश और उसके बेटे विनय के साथ लाठियों से जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं, बदमाशों ने रेस्टोरेंट के कांच के काउंटर भी तोड़ दिए और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
महोडिय़ा से दबोचे गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी गिरीश दुबे ने तुरंत पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना को अवगत कराया। एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने तकनीकी मदद लेते हुए घेराबंदी की और मुख्य आरोपी श्याम पटेल व उसके साथी संदीप वर्मा को थार गाड़ी के साथ ग्राम महोडिय़ा थाना मंडी से दबोच लिया। तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी के पास से धारदार चाकू भी बरामद हुआ है, जिसके बाद मामले में आम्र्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
16 गंभीर मामलों का आरोपी है श्याम पटेल
पकड़ा गया मुख्य आरोपी श्याम पटेल अमलाह क्षेत्र का लिस्टेड गुंडा है। उसके खिलाफ आष्टा, मंडी और कोतवाली थानों में हत्या का प्रयास और मारपीट जैसे कुल 16 गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपी का जिलाबदर का केस भी कलेक्टरेट न्यायालय में विचाराधीन है।
चार आरोपी अब भी फरार, तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों श्याम पटेल और संदीप वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनके चार अन्य साथी शाहरुख गोकुलपुरा, कल्ली उर्फ रेहान गोकुलपुरा, मानव उर्फ कृष्णा परमार खारपा और हरिओम रघुवंशी लालाखेड़ी फिलहाल फरार हैं। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।