Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

कुबेरेश्वर धाम में रुद्राक्ष महोत्सव का शंखनाद, पं. प्रदीप मिश्रा बोले- महादेव को पाने का स्टेशन है यह धाम

सीहोर। श्री कुबेरेश्वर धाम में शनिवार से सात दिवसीय भव्य रुद्राक्ष महोत्सव 2026 का मंगलमय शुभारंभ हुआ। महोत्सव के प्रथम दिन मंदिर परिसर में हजारों रुद्राक्षों से निर्मित दिव्य शिवलिंग का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। दोपहर में कथा की शुरुआत करते हुए कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने श्रद्धालुओं को शिव भक्ति और जीवन की सार्थकता का मार्ग दिखाया। पहले ही दिन लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से कथा पंडाल छोटा पड़ गया, जिसके लिए समिति ने जगह-जगह एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की है।
पंडित प्रदीप मिश्रा ने सामाजिक संदेश देते हुए कहा कि बेटी आपके पुण्यों की रसीद है। उन्होंने एक नया नारा देते हुए कहा कि अब केवल बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ ही नहीं बल्कि बहू पढ़ाओ, देश बचाओ के संकल्प की आवश्यकता है। जिस घर में बेटी और बहू का सम्मान होता है, वहां दरिद्रता कभी नहीं आती। उन्होंने जल संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि शादियों में पानी बर्बाद न करें। बोतलों पर लिखा होना चाहिए मैं जल हूं, आने वाला कल हूं।
पैदल चलकर आए पिता का सम्मान
कथा के दौरान पंडित श्री मिश्रा ने महाराष्ट्र से पैदल चलकर आए एक श्रद्धालु पिता का सम्मान किया। पत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि उस भक्त की बेटी को रोजगार नहीं मिल रहा था, तब उन्होंने पैदल यात्रा का संकल्प लिया था। संकल्प पूर्ण होने पर वे सैकड़ों किलोमीटर की यात्रा कर धाम पहुंचे।

स्केल डिस्टेंस पद्धति से बनेगा ज्योतिर्लिंग गार्डन
इस वर्ष का महोत्सव ग्रीन शिवरात्रि की थीम पर आयोजित है। इसका मुख्य आकर्षण ज्योतिर्लिंग गार्डन है। परिसर में 12 विशेष पौधे लगाए जाएंगे, जो भारत के 12 ज्योतिर्लिंगों का प्रतिनिधित्व करेंगे। इन पौधों को धाम से उनकी वास्तविक भौगोलिक दूरी जैसे महाकालेश्वर 127 किमी, रामेश्वरम 1557 किमी के अनुपात में स्केल डिस्टेंस पद्धति से रोपित किया जाएगा।
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए पंडित समीर शुक्ला और विनय मिश्रा के नेतृत्व में विशाल भोजनशाला में निशुल्क प्रसादी की व्यवस्था की गई है। कथा के दौरान पंडित जी ने अशोक सुंदरी के जन्म और देवराज ब्राह्मण के मोक्ष का प्रसंग सुनाया। सामूहिक शिव आरती के साथ प्रथम दिन की कथा का विश्राम हुआ। यह महोत्सव 20 फरवरी तक निरंतर जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button