पुलिस-प्रशासन की सटीक रणनीति से कुबेरेश्वर धाम का रुद्राक्ष महोत्सव भव्य और शांतिपूर्ण संपन्न

सीहोर। कुबेरेश्वर धाम में 14 से 20 फरवरी तक आयोजित सात दिवसीय रुद्राक्ष महोत्सव जिला प्रशासन और पुलिस की मुस्तैदी के चलते पूरी तरह सफल और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो गया। लाखों की संख्या में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के बावजूद, सटीक प्लानिंग के कारण कहीं भी अव्यवस्था या जाम की स्थिति निर्मित नहीं हुई।
बता दें महोत्सव की सुरक्षा और व्यवस्था के लिए लगभग 1400 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का बल तैनात किया गया था। चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी गई और कंट्रोल रूम के माध्यम से हर गतिविधि पर नजऱ रखी गई। विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस बल ने संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी निभाई।
बेमिसाल रहा ट्रैफिक मैनेजमेंट
भोपाल-इंदौर हाईवे पर यातायात को सुचारु रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया था। वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों और आवश्यकतानुसार किए गए डायवर्जन की वजह से श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई असुविधा नहीं हुई। आपात स्थिति के लिए आयोजन स्थल पर फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और मेडिकल टीमें 24 घंटे तैनात रहीं। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार किए गए निरीक्षण और टीम वर्क के परिणामस्वरूप यह विशाल धार्मिक आयोजन बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न हुआ। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की इस कार्यकुशलता की श्रद्धालुओं ने भी सराहना की है।



