कुबेरेश्वर धाम में फिर शुरू हुआ रुद्राक्ष वितरण, एसपी ने खुद संभाली कमान, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के दिए कड़े निर्देश

सीहोर। कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के कुबेरेश्वर धाम में एक बार फिर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी है। फरवरी माह में कथा के चलते बंद किया गया रुद्राक्ष वितरण 15 मार्च से दोबारा शुरू हो गया है। वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मंगलवारए 17 मार्च को पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने धाम का सघन निरीक्षण किया।
उल्लेखनीय है कि फरवरी महीने में आयोजित विशेष कथा और भारी भीड़ को देखते हुए प्रबंधन ने रुद्राक्ष वितरण अस्थाई रूप से बंद कर दिया था। 15 मार्च से यह प्रक्रिया पुन: शुरू की गई है, जिसके बाद से ही प्रदेश और देश के कोने-कोने से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला तेज हो गया है। भारी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं के कारण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
एसपी ने पैदल चलकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने कुबेरेश्वर धाम पहुंचकर रुद्राक्ष वितरण केंद्रों, कतारों और परिसर का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमनए ठहरने और कतारबद्ध होकर रुद्राक्ष प्राप्त करने की व्यवस्था को देखा। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
भीड़ नियंत्रण और पार्किंग पर विशेष फोकस
भीड़ प्रबंधन: बैरिकेडिंग और कतारों को इस तरह व्यवस्थित किया जाए कि भगदड़ जैसी स्थिति न बने।
यातायात व्यवस्था: धाम की ओर आने वाले मार्गों पर वाहनों का दबाव न बढ़े, इसके लिए पार्किंग प्रबंधन को सुदृढ़ किया जाए।
आपातकालीन सेवाएं: एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाएं मौके पर अलर्ट मोड में रहें।
सुरक्षा प्राथमिकता: श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान मंडी थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील मेहर सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। एसपी ने सभी को अपने-अपने पॉइंट पर मुस्तैद रहने और श्रद्धालुओं के साथ शालीनता से व्यवहार करते हुए व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी।

Exit mobile version