Newsआष्टाइछावरजावरजॉब्सनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

रुद्राक्ष महोत्सव: ट्रक चालकों पर 116 किमी अतिरिक्त सफर का बोझ…

सीहोर। कुबेरेश्वर धाम में कल 14 फरवरी से शुरू होने वाले भव्य रुद्राक्ष महोत्सव ने इंदौर-भोपाल हाईवे की रफ्तार बदल दी है। प्रशासन ने गुरुवार से इंदौर-भोपाल रूट डायवर्ट कर दिया है। इसका सबसे बड़ा असर भारी वाहनों पर पड़ा है, जिन्हें अब ब्यावरा-शाजापुर होकर गुजरना पड़ेगा। इस बदलाव के कारण ट्रक और ट्रालों को 192 किमी की जगह 308 किमी का लंबा चक्कर काटना होगा, जिससे समय और ईंधन दोनों की मार पड़ेगी।
बता दें सामान्य तौर पर इंदौर से भोपाल की दूरी 192 किलोमीटर है, जिसे तय करने में करीब 4 घंटे लगते हैं, लेकिन डायवर्जन के बाद भारी वाहनों ट्रकों और ट्रालों को अब ब्यावरा-शाजापुर मार्ग से भेजा जा रहा है। इस नए रूट से यह दूरी बढक़र 308 किलोमीटर हो गई है। यानी वाहन चालकों को न सिर्फ 116 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना होगा, बल्कि उनके समय और ईंधन का खर्च भी बढ़ जाएगा।
सुरक्षा का अभेद्य किला, 1235 जवान तैनात
महोत्सव की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से बुलाए गए 1235 जवानों ने बुधवार दोपहर से ही मोर्चा संभाल लिया है। हाईवे से लेकर कथा पंडाल तक पुलिस की पैनी नजर है।
दो दिन पहले ही पहुंचे श्रद्धालु
बता दें 14 फरवरी से रुद्राक्ष महोत्सव का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है, लेकिन आलम यह है कि दो दिन पहले यानि 12 फरवरी से विभिन्न साधनों के माध्यम से श्रद्धालुओं का कुबेरेश्वर धाम आने का सिलसिला शुरू हो गया। ट्रेन-बस या अन्य वाहनों से श्रद्धालुओं कुबेरेश्वर धाम पहुंच रहे हैं। धाम पर बने शेडों में श्रद्धालुओं ने अपनी बैठक व्यवस्था जमा रखी है।
हाईवे पर यह व्यवस्था
इंदौर-भोपाल हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों को आगामी 21 फरवरी तक रुट प्लान का पालन करना होगा। डायवर्ट रूट प्लान के अनुसार कार और बसों को सीहोर के न्यू क्रिसेंट चौराहे से भाऊखेड़ी और अमलाहा की ओर डायवर्ट किया गया है, जबकि जो लोग विशेष रूप से कथा सुनने आ रहे हैं उनके लिए हाईवे खुला रहेगा। वे सीधे धाम की पार्किंग तक जा सकेंगे।
हाईवे के दोनों ओर पार्किंग स्थल
पुलिस के अनुसार रुद्राक्ष महोत्सव को दृष्टिगत रखते हुए भोपाल इंदौर मार्ग पर हाईवे के दोनों और ऑटो-बस स्टैंड चिन्हित किए गए हैं, जो लगभग 8 से 10 एकड़ के पर्याप्त क्षमता वाले हैं, पहला ऑटोध्बस स्टैंड फूलमोगरा जोड़ पर स्थित है एवं दूसरा ऑटो स्टैंड गुड़भेला जोड़ पर है। सभी ऑटो, बस, वेन इत्यादि ऑटो/बस स्टैंड में ही वाहनों को पार्क करते हुए श्रद्धालुओं को उतारेंगे व उक्त हाईवे को क्लियर रखेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button