साधना सिंह ने पति शिवराज को दी बधाई, बोलीं- संकल्प के पांच साल पूर्ण होने पर गर्व है

सीहोर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रतिदिन एक पौधा लगाने के संकल्प को आज सफलता पूर्वक पांच वर्ष पूर्ण हो गए हैं। इस गौरवशाली अवसर पर जहां देश-भर से उन्हें शुभकामनाएं मिल रही हैं, वहीं उनकी धर्मपत्नी साधना सिंह चौहान ने सोशल मीडिया के माध्यम से एक भावुक संदेश साझा कर उन्हें बधाई दी है।
साधना सिंह चौहान ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा आपके संकल्प के पांच साल पूर्ण होने पर बहुत-बहुत बधाई। उन्होंने इस संदेश के जरिए शिवराज सिंह चौहान की पर्यावरण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और अनुशासन की सराहना की। उल्लेखनीय है कि साधना सिंह अक्सर इस अभियान में उनके साथ पौधा रोपते हुए नजर आती हैं, और उन्होंने इस कठिन संकल्प को सादगी से निभाते हुए करीब से देखा है।
अमरकंटक से शुरू हुआ था यह हरियाली संकल्प
बता दें 19 फरवरी 2021 को नर्मदा जयंती के शुभ अवसर पर अमरकंटक अनूपपुर में शिवराज सिंह चौहान ने यह पवित्र संकल्प लिया था। उन्होंने घोषणा की थी कि वे अपने दिन की शुरुआत एक पौधा लगाने से करेंगे। तब से लेकर आज तक, चाहे मौसम कोई भी हो या वे देश-विदेश के किसी भी कोने में होंए उन्होंने एक दिन भी यह क्रम नहीं तोड़ा है।
फूलों की माला नहीं, पौधा और पुस्तक बनी पहचान
शिवराज सिंह चौहान ने न केवल पौधा लगाया, बल्कि सार्वजनिक जीवन में स्वागत की परंपरा को भी बदल दिया। उन्होंने जनता से अपील की थी कि उन्हें फूलों की माला या गुलदस्ते देने के बजाय पौधे या पुस्तकें भेंट की जाएं। उनका मानना है कि मालाएं कुछ समय बाद नष्ट हो जाती हैं, जबकि एक पौधा आने वाली पीढिय़ों को जीवन देता है।

Exit mobile version