
सीहोर। प्रसिद्ध विजयासन देवी धाम सलकनपुर में आगामी 19 मार्च से शुरू होने वाले चैत्र नवरात्रि मेले की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर कलेक्टर बालागुरू के. और एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया और अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। प्रशासन का मुख्य जोर सुरक्षित और सुलभ दर्शन पर है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि मंदिर की पहाड़ी पर केवल वही टैक्सी वाहन चढ़ सकेंगे जिनके पास आरटीओ का फिटनेस प्रमाण पत्र होगा। पुरानी और जर्जर गाडिय़ों के उपयोग पर रोक लगा दी गई है। साथ ही वाहन चालकों को सख्त चेतावनी दी गई है कि वे निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं और श्रद्धालुओं से तय रेट से ज्यादा किराया न वसूलें। केवल प्रशिक्षित चालक ही वाहन चलाएंगे, इसकी भी निगरानी की जाएगी।
घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग प्रतिबंधित
सुरक्षा के लिहाज से मेला स्थल और मंदिर परिसर के होटलों व दुकानों में घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि कोई दुकानदार घरेलू सिलेंडर का उपयोग करता पाया गयाए तो उसका सिलेंडर जब्त कर कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी। साथ ही आगजनी जैसी घटनाओं से निपटने के लिए हर दुकान पर अग्निशमन यंत्र रखना अनिवार्य होगा।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं
हेल्थ कैंप और एंबुलेंस: श्रद्धालुओं की तत्काल चिकित्सा सहायता के लिए मुख्य स्थानों पर हेल्थ कैंप लगाए जाएंगे और एंबुलेंस तैनात रहेगी।
पेयजल और शौचालय: गर्मी को देखते हुए पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था और अस्थाई शौचालयों का निर्माण किया जाएगा।
हेल्प डेस्क और कंट्रोल रूम: बाहरी श्रद्धालुओं की मदद के लिए हेल्प डेस्क और अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल के लिए कंट्रोल रूम बनाया जाएगा।
सडक़ सुधार: पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पीडब्ल्यूडी और एनएचएआई को क्षतिग्रस्त सडक़ों की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा और वन क्षेत्र पर नजर
जंगली जानवरों के खतरे को देखते हुए श्रद्धालुओं के वन क्षेत्र या पहाड़ी के खतरनाक हिस्सों में जाने पर रोक लगा दी गई है। इसके लिए वन कर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई जाएगी। एसपी श्री शुक्ला ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम यातायात के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
आंवलीघाट का निरीक्षण
भूतड़ी अमावस्या के मद्देनजर कलेक्टर-एसपी ने नर्मदा आंवलीघाट का भी जायजा लिया। यहां श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए संकेतक, बैरिकेडिंग और होमगार्ड के गोताखोरों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा के लिए वाटर बोट की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।