
सीहोर। सावन का पवित्र महीना बीत जाने के बाद भी शिवभक्ति का उत्साह और रफ्तार रत्ती भर भी कम नहीं हुई है। शहर की जीवनदायिनी सीवन नदी के तट से लेकर प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम तक प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु भक्ति के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। मंगलवार को महाराष्ट्र के जलगांव से आई महिला मंडल ने सीवन नदी से कांवड़ में पवित्र जल भरा और 11 किलोमीटर की पैदल यात्रा तय कर कुबेरेश्वरधाम में भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
शाम की आरती के दौरान श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि ईश्वर को पाने के लिए किसी आडंबर या कठिन तपस्या की जरूरत नहीं होती। उन्होंने कहा भगवान शिव भाव के भूखे हैं। मनुष्य जितना सरल और निष्छल होता जाएगा, वह भोलेनाथ के उतना ही करीब पहुंचेगा। सच्चे मन से की गई प्रार्थना ही भगवान शिव को प्रिय है।
4 सितंबर को कुबेरेश्वरधाम में मनेगी जन्माष्टमी
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित ने बताया कि 4 सितंबर को कुबेरेश्वरधाम स्थित मुरली मनोहर मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और दही हांडी का आयोजन भव्यता से किया जाएगा, जिसमें दही हांडी महोत्सव रात 11 बजे आयोजित होगा। जबकि रात्रि ठीक 12 बजे महाआरती और जन्मोत्सव के विशेष धार्मिक कार्यक्रम होंगे।