चरनाल में उफनते पुल के ऊपर से गुजरी बच्चों से भरी स्कूल बस

सीहोर। जिले में जारी झमाझम बारिश के बीच प्रशासनिक और स्कूली प्रबंधन की चौंकाने वाली और खतरनाक लापरवाही सामने आई है। ग्राम चरनाल में लगातार बारिश के कारण स्थानीय नाला उफान पर है और पुलिया के ऊपर से तेज बहाव में पानी बह रहा है। इसके बावजूद मासूम बच्चों की जान को जोखिम में डालकर एक स्कूल बस को उफनते पुल के बीच से पार कराया गयाए जिससे बड़ा हादसा होते-होते बचा।
हैरानी की बात यह है कि उफनते नाले के पास आवागमन रोकने या सतर्क करने के लिए प्रशासन की ओर से न तो कोई बैरिकेडिंग की गई है और न ही किसी सुरक्षा गार्ड या पुलिसकर्मी की तैनाती है। पानी के तेज बहाव के बावजूद बच्चों से भरी स्कूल बस, अन्य वाहन और पैदल लोग बिना किसी सुरक्षा उपाय के पुलिया पार कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जरा सा भी संतुलन बिगडऩे पर बस उफनते नाले में बह सकती थी।
प्रशासन पर अनदेखी का आरोप
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने स्कूल प्रशासन और स्थानीय प्रशासन की अनदेखी पर गहरी नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि वे दैनिक जरूरतों, खेती किसानी और मेडिकल इमरजेंसी के लिए जान जोखिम में डालने को मजबूर हैं, लेकिन मासूम स्कूली बच्चों की जिंदगी से इस तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त करने योग्य नहीं है। अधिकारियों को कई बार सूचित करने के बाद भी मौके पर कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं।
पुलिया पर तत्काल लगाया जाए पहरा
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जब तक नाले का जलस्तर पूरी तरह कम नहीं हो जाता, तब तक इस रास्ते पर वाहनों की आवाजाही पर तुरंत रोक लगाई जाए। साथ ही पुल के दोनों ओर मजबूत बैरिकेडिंग की जाए, सुरक्षा कर्मचारियों को तैनात किया जाए और स्कूली वाहनों के लिए सुरक्षित या वैकल्पिक रास्ते का इंतजाम किया जाए।
मामला संज्ञान में आया है
मामला संज्ञान में आया है। उफनते नाले से स्कूल बस निकालने के संबंध में जांच कराई जाएगी और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आरआर उइके, डीपीसी सीहोर

Exit mobile version