
सीहोर-रेहटी। नगरीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ बगावत करके चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों पर जिला भाजपा द्वारा कार्रवाई की गई है। भाजपा के जिलाध्यक्ष रवि मालवीय ने सीहोर, आष्टा, नसरूल्लागंज एवं बुदनी में भाजपा प्रत्याशियों के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को पार्टी के सभी पदों से हटाते हुए 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है।
मुख्यमंत्री की फटकार के बाद कार्रवाई-
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को रेहटी में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो करने के लिए आए थे। मुख्यमंत्री ने रोड शो के बाद पुराने बस स्टैंड पर सभा को भी संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि जो भी भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं उन्हें पार्टी से बाहर किया जाए। इसके लिए मुख्यमंत्री नेे जिलाध्यक्ष रवि मालवीय को फटकार भी लगाई थी और कहा था कि संगठन की पकड़ ढीली हो गई है। पार्टी में लगातार अनुशासनहीनता हो रही है। ऐसे कार्यकर्ताओं को पार्टी में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फटकार के अगले ही दिन भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मालवीय ने ऐसे बगावत करके चुनाव लड़ने वाले सभी भाजपा कार्यकर्ताओें और पदाधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है।