Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

सीहोर के क्रिकेटरों को मिलेगी बड़ी सौगात, इछावर बाइपास पर 4.16 करोड़ से बन रहा आधुनिक स्टेडियम

2027 से पहले तैयार होगा मैदान, बाउंड्री का 80 प्रतिशत और बिल्डिंग का 40 प्रतिशत काम पूरा, नपाध्यक्ष ने किया निरीक्षण

सीहोर। जिला मुख्यालय के खिलाडिय़ों के लिए खुशखबरी है। इछावर बाइपास रोड स्थित रेशम केंद्र के पास करीब 6 एकड़ जमीन पर एक भव्य और आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। सवा चार करोड़ 4.16 करोड़ की लागत से बनने वाला यह स्टेडियम खेल सुविधाओं के मामले में राजधानी भोपाल के स्टेडियमों की टक्कर का होगा। गुरुवार को नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने अपनी टीम के साथ निर्माण कार्य का जायजा लिया और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने निरीक्षण के दौरान बताया कि शहर में फुटबॉल के मैदान तो हैं, लेकिन क्रिकेट के लिए बीएसआई के अलावा कोई आधुनिक विकल्प नहीं था। इसी कमी को दूर करने के लिए इस नए स्टेडियम को भोपाल के आधुनिक स्टेडियमों की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। यहां खिलाडिय़ों को आधुनिक मशीनों के जरिए क्रिकेट की बारीकियां सिखाई जाएंगी और पेशेवर खेल प्रशिक्षकों द्वारा नियमित ट्रेनिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।
स्टेडियम की प्रमुख विशेषताएं
आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर: स्टेडियम में खिलाडिय़ों के लिए हाई टेक चेंजिंग रूम बनाए जा रहे हैं।
पिच और मैदान: मैदान पर अंतरराष्ट्रीय स्तर की घास और बेहतर जल निकासी की व्यवस्था होगी, जिससे बारिश के बाद भी मैच जल्दी शुरू हो सकें।
प्रशिक्षण केंद्र: यहां सिर्फ मैच ही नहीं होंगे, बल्कि उभरती प्रतिभाओं को तराशने के लिए प्रशिक्षण केंद्र भी संचालित किया जाएगा।
निर्माण कार्य की स्थिति
नगर पालिका सीएमओ सुधीर कुमार और इंजीनियर विजय कोली के अनुसार प्रोजेक्ट पर काम युद्धस्तर पर चल रहा है। वर्तमान में बाउंड्री वॉल का 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मुख्य बिल्डिंग का निर्माण 40 प्रतिशत तक संपन्न हो गया है। नपाध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2027 से पहले इस स्टेडियम को खिलाडय़िों को समर्पित कर दिया जाएगा। इस मौके पर नगर पालिका के अधिकारी, इंजीनियर और पार्षदगण मौजूद रहे। इस नए स्टेडियम के बनने से न केवल स्थानीय खिलाडिय़ों को अभ्यास का मौका मिलेगा, बल्कि सीहोर में बड़े क्रिकेट आयोजनों का रास्ता भी साफ होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button