
सीहोर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को सीहोर के बडिय़ाखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में देश की सबसे बड़ी ट्रांसफॉर्मर निर्माण इकाई सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड के पहले पावर ट्रांसफॉर्मर के रोलआउट का शुभारंभ किया है। महज 13 महीने के रिकॉर्ड समय में शुरू हुए इस प्लांट की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश अब निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है और राज्य में उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार हुआ है।
बडिय़ाखेड़ी स्थित यह विशाल संयंत्र 50 एकड़ क्षेत्र में फैला है और इसे 888 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है। इस औद्योगिक इकाई से क्षेत्र के 2000 से अधिक युवाओं को रोजगार के सीधे अवसर मिलेंगे। संयंत्र में 220 ज्ञट से 1200 केवी तक की उच्च क्षमता वाले पावर ट्रांसफॉर्मर बनाए जाएंगे। इस प्लांट की उत्पादन क्षमता प्रतिदिन एक यानी हर महीने 35 ट्रांसफॉर्मर बनाने की है, जिससे देश के पावर ट्रांसमिशन इंफ्रास्ट्रक्चर को नई ताकत मिलेगी।
भोपाल मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र का अहम हिस्सा है सीहोर
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सीहोर भोपाल मेट्रोपॉलिटन रीजन का एक प्रमुख हिस्सा है। राजधानी के साथ इसकी कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे यह क्षेत्र आने वाले समय में आर्थिक और व्यावसायिक गतिविधियों का मुख्य केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की औद्योगिक पहचान अब 5 पी-पैशन, पोटेंशियल, पॉलिसी, परफॉर्मेंस और प्रोडक्शन बन गई है।
भारत की तेज आर्थिक प्रगति का जिक्र
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भारत की आर्थिक वृद्धि का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका की जीडीपी ग्रोथ रेट लगभग 2 प्रतिशत और चीन की करीब 4 प्रतिशत है, जबकि भारत 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ रेट से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकसित भारत की ओर बढ़ रहा है और मध्य प्रदेश भी उसी गति से प्रगति पथ पर अग्रसर है।
इकाई का किया निरीक्षण
समारोह के बाद मुख्यमंत्री ने संयंत्र का भ्रमण कर निर्माण प्रक्रिया, आधुनिक तकनीक और उत्पादन क्षमता का जायजा लिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में कंपनी के चेयरमैन वेलियान सुबैया और सीईओ/एमडी अमर कौल ने कंपनी के नौ दशकों के सफर और प्लांट के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, विधायक रमाकांत भार्गव, विधायक सुदेश राय, प्रदेश कार्य समिति सदस्य जसपाल सिंह अरोरा, जिला भाजपा अध्यक्ष नरेश मेवाड़, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वित्त निगम अध्यक्ष रवि मालवीय, भोपाल कमिश्नर कर्मवीर शर्मा, कलेक्टर बालागुरु के., एसपी सोनाक्षी सक्सेना सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और उद्योगपति उपस्थित रहे।
सीहोर पहुंचे सीएम डॉ. यादव की भाजपा नेता अरोरा ने की अगवानी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सीहोर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यहां पर क्रॉम्पटन ग्रीव्स पॉवर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड की नई पॉवर ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण इकाई के प्रथम ट्रांसफॉर्मर के रोल-आउट का शुभारंभ किया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं सीहोर जिला पंचायत व सीहोर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने उनकी भव्य अगवानी की। इस मौके पर श्री अरोरा ने मुख्यमंत्री को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं। प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य जसपाल सिंह अरोरा ने मुख्यमंत्री से सीहोर से जुड़े विकास कार्यों के साथ ही सीहोर की राजनीति को लेकर भी चर्चा की। भाजपा नेता जसपाल सिंह अरोरा मुख्यमंत्री के साथ कार्यक्रम में भी शामिल रहे। श्री अरोरा ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में लगातार औद्योगिक क्षेत्र का विस्तार हो रहा है तो वहीं कई बड़ी कंपनियां सीहोर में अपनी यूनिट भी शुरू कर रही हैं। इससे जहां स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार मिलेगा तो वहीं आर्थिक रूप से भी सम्पन्नता आएगी। भाजपा नेता जसपाल सिंह अरोरा ने कहा कि सीहोर जिला हर क्षेत्र में सक्षम है और यहां पर उद्योगों के लिए पर्याप्त सुविधाएं भी हैं। सीहोर का नाम अब राष्ट्रीय स्तर पर भी जाना पहचाना नाम हो गया है। यहां पर उद्योगों के लिए जमीन, पानी, बिजली सहित अन्य सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में है।
यादव समाज के चल समारोह का किया स्वागत
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सीहोर की ग्वाल टोली से यादव समाज का चल समारोह भी निकाला जाता है। भाजपा नेता श्री अरोरा ने चल समारोह का भी स्वागत, सत्कार किया एवं समाज के वरिष्ठजनों को फुलमाला पहनाई। इस अवसर पर उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों एवं नगरवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण हम सबके ईस्ट हैं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर यादव समाज द्वारा निकाला जाने वाला चल समारोह भी बेहद भव्य होता है। ऐसे आयोजन बेहद जरूरी भी हैंए जिनसे सनातन धर्म की रक्षा तो होती ही है साथ ही ऐसे आयोजनों से हमारी युवा पीढ़ी को भी सीख मिलती है।