Newsधर्ममध्य प्रदेशसीहोर

Sehore News : प्रकाश पर्व पर निकली नगर-कीर्तन यात्रा, अखाड़ा दल ने दिखाए हैरतअंगेज करतब

नगर-कीर्तन यात्रा का कई जगह हुआ स्वागत, गुरुद्वारे में लंगर का आयोजन हुआ

सीहोर। सिख समाज के दसवें गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में मंगलवार को गंगा आश्रम स्थित गुरुद्वारा से नगर कीर्तन यात्रा निकाली गई। इस दौरान गुरुग्रंथ साहिब और नगर कीर्तन यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का कई स्थान पर पुष्पवर्षा व प्रसादी वितरित कर स्वागत किया गया। यात्रा से पहले गुरुद्वारे में लंगर का आयोजन किया गया। इसमें हजारों भक्तों ने पहुंचकर प्रसादी ली।
सिख समुदाय के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंहजी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा में दिनभर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। विशाल नगर संकीर्तन गंगा आश्रम स्थित गुरुद्वारे से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से होता हुआ वापस गुरुद्वारा पहुंचा। जुलूस का जगह-जगह प्रसादी और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इस मौके पर समाज के लोगों को प्रकाश पर्व की बधाइयां दी। पंज प्यारे की अगुवाई में गुरुग्रंथ साहिब की सवारी शोभायात्रा का खास आकर्षण थी। फूलों से सजे रथ में गुरुग्रंथ साहिब की झांकी सजाई गई थी, जिसके दर्शन करने लोगों की भीड़ उमड़ी। इस दौरान शहरवासियों को प्रसादी के रूप में मिष्ठान वितरित किया गया। समाज के कई बच्चे घोड़ों एवं बग्गियों पर सवार थे।
गतका दल ने दिखाए करतब, स्वच्छता का दिया संदेश-
नगर संकीर्तन के दौरान पंजाब से आए गतका पार्टी के सदस्यों ने शहर के मुख्य मार्गों पर हैरतअंगेज करतब दिखाए। चौराहों पर दी गई इस प्रस्तुति के दौरान कई लोग करतबों की मोबाइल रिकॉर्डिंग करते हुए नजर आए। दल के सदस्यों ने अपने शरीर पर ट्यूबलाइट फोड़ी तो कई ने सिर में रखकर कोल्ड ड्रिंक की केन तलवार से फोड़ी। शहर के बच्चों ने भी एक गतका दल तैयार किया है, जिसने यहां प्रस्तुति दी। शोभायात्रा में सबसे आगे सड़क पर टैंकर से पानी डालकर सफाई करते समाज के युवा चल रहे थे। दर्जनों युवक-युवतियां गुरुग्रंथ साहिब के आगे-आगे झाडू लगाते हुए चल रही थीं जो शहरवासियों के लिए स्वच्छता का संदेश दे रहे थे।
शहर में जगह-जगह हुआ स्वागत-
नगर संकीर्तन यात्रा का शहर के कई स्थानों पर स्वागत किया गया। कोतवाली चौराहा, बड़ा बाजार में पुष्प वर्षा की गई। शहर में कई जगह पंडाल सजाकर संकीर्तन यात्रा का स्वागत किया गया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए जल-पान की व्यवस्था की गई। कांग्रेस, भाजपा के अलावा अन्य सामाजिक संगठन के कार्यकर्ताओं ने जुलूस का स्वागत कर सिख समुदाय के लोगों को बधाई दी।
गुरुद्वारे में मत्था टेकर चखा लंगर-
चंद्र ग्रहण का सूतक लगने के बाद भी गुरुद्धारे में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर लंगर चखा। इस मौके पर गुरुवारे में भाजपा विधायक सुदेश राय, नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल अरोरा, पूर्व नपा अध्यक्ष अमीता अरोरा, सिख समाज से चन्ना सरदार, महेंद्र सिंह खनूजा, मुन्ना सरदार, लविन अरोरा, प्रभजीत सिंह अरोरा, पुनीत खनूजा, बिन्नी अरोरा सहित अन्य सिख समाज के लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button