
Sehore News : सीहोर। जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को अपने कार्यालय पर हुए हंगामे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर कार्यालय को आग लगाने की धमकी देने और अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंपा। कांग्रेसजनों ने भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता भोपाली फाटक पर इक_ा हुए और भाजपा विरोधी नारे लगाते हुए एसपी कार्यालय की ओर रैली निकाली। एसपी की अनुपस्थिति में एडिशनल एसपी सुनीता रावत को ज्ञापन सौंपा गया। राजीव गुजराती ने आरोप लगाया कि 1 सितंबर को करीब 100 भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के सामने अशोभनीय गालियां दीं और कांग्रेस कार्यालय को आग लगा दो, बाहर निकालो, जैसे नारे लगाकर माहौल को तनावपूर्ण बनाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि यह पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई और कांग्रेस के पास इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी है, जिसे कोतवाली थाना प्रभारी को सौंपा गया है।
कांग्रेस ने एसपी से निष्पक्ष जांच कर भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और उनके कार्यकर्ता पर हुई झूठी शिकायत को रद्द करने की मांग की है। इस दौरान जिला सह प्रभारी दिनेश मेघानी, पूर्व नपाध्यक्ष कैलाश परमार और पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. बलवीर तोमर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।