Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

Sehore News : स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, अधिवक्ता एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुदर्शन महाजन का हुआ राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

हजारों की संख्या में नगरवासियों ने दी अंतिम विदाई, बेटे गौरव सन्नी महाजन ने दी मुखाग्नि

सीहोर। स्वतंत्रता संग्राम व लोकतंत्र सेनानी, वरिष्ठ भाजपा नेता और वरिष्ठ अधिवक्ता सुदर्शन कुमार महाजन का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उन्हें गार्ड आफ आनर भी दिया गया। सुदर्शन कुमार महाजन के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी गहन दुख व्यक्त किया है। उनके अंतिम दर्शन के लिए नगर के प्रबुद्धजन, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिवक्ता सहित बड़ी संख्या में आमजन पहुंचे थे। स्व. महाजन को उनके बेटे गौरव सन्नी महाजन ने मुखाग्नि दी। इससे पहले उनके निज निवास महाजन कंपाउंड अटल बिहारी वाजपेयी चौराहा के पास से उनकी अंतिम यात्रा शुरू हुई। छावनी विश्राम घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दौरान परिजनों ने भी अंतिम संस्कार विधि को पूर्ण किया। विश्राम घाट पर शोकसभा हुई। हजारों नागरिकों ने नम आंखों के साथ श्री महाजन को विनम्र श्रद्धांजली अर्पित की।
स्वतंत्रता संग्राम सैनानी स्वर्गीय सुदर्शन कुमार महाजन की अंतिम यात्रा निज निवास कंपाउंड अटल बिहारी वाजपेयी चौराहा के पास से प्रारंभ की गई। शहर के मुख्य मार्ग सराफा बाजार, नमक चौराहा, नगर पालिका मार्ग, नदी चौराहा, कोली मोहल्ला, ब्रहमपुरी कॉलोनी, देव नगर कॉलोनी से होते हुए छावनी विश्राम घाट पहुंची। निज निवास से विश्राम घाट तक श्री महाजन की पार्थिव देह पर फूलों की वर्षा की जाती रही। बैंडबाजों के साथ शुरू हुई अंतिम यात्रा में शहर सहित जिले भर से पहुंचे हजारों नागरिकगण सम्मिलित हुए।
शुक्रवार को सुदर्शन कुमार महाजन का हृदयगति रुकने से निधन हो गया। उनका भोपाल के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। वे 88 वर्ष के थे एवं जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। सीहोर में एक समय ऐसा था, जबकि श्री महाजन का निवास स्थल महाजन कंपाउंड जिले और प्रदेश की राजनीति का केंद्र हुआ करता था। वरिष्ठ अधिवक्ता व भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष रहे सुदर्शन कुमार महाजन को पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी और रामनाथ कोविद सम्मानित कर चुके हैं। स्व. महाजन के सुंदरलाल पटवा सहित कई अन्य राजनेताओं से बेहद अच्छे संबंध रहे हैं। सीहोर की राजनीति भी पहले उनके इर्द-गिर्द ही घूमती रही है।
जेल भी गए थे स्व. महाजन-
मीशाबंदी के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सैनानी सुदर्शन कुमार महाजन और उनके साथी नारायणदास कुईया, थानाराम बग्गा, हरिव्यास सक्सेना पर एक पुल को उड़ाने आरोप लगाकर भोपाल जेल में डाल दिया गया था। इसके अलावा जनसंघ और भाजपा के कई आंदोलनों के दौरान श्री महाजन जेल गए।
पार्टी के सभी बड़े निर्णय महाजन लेते थे-
स्वतंत्रता संग्राम सैनानी स्वर्गीय नारायणदास कुईया के बडेÞ बेटे गिरधर कुईया ने बताया कि श्री महाजन से उनके परिवारिक संबंध थे। महाजन कंपाउंड एक समय भाजपा की राजनीति का केंद्र बिंदु हुआ करता था। पार्टी का कोई भी निर्णय महाजन की सहमति के बिना नहीं लिया जाता था। भाजपा का कोई भी बड़ा नेता जब भी सीहोर आता था। वह महाजन के निवास पर जरूरत जाता था। इसके अलावा कई बड़े अधिकारी भी सीहोर में पदस्थ होने पर सबसे पहले श्री महाजन के निवास पर मिलने जाते थे।
मुख्यमंत्री सहित जनप्रतिनिधियों ने किया निधन पर दु:ख व्यक्त-
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, वरिष्ठ अधिवक्ता और गोवा मुक्ति आंदोलन में सक्रिय सहभागी रहे सुदर्शन कुमार महाजन के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि स्व. श्री महाजन से सीहोर क्षेत्र के विकास को लेकर अक्सर अर्थपूर्ण चर्चा होती थी। उन्होंने हमेशा लोगों की आवाज को उठाया। मुख्यमंत्री ने सुदर्शन कुमार महाजन की दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह दु:ख सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है। इसके अलावा सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर, विदिशा सांसद रमाकांत भार्गव, जिला पंचायत अध्यक्ष गोपाल इंजीनियर, विधायक सुदेश राय, इछावर विधायक करण सिंह वर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपालसिंह अरोरा, पूर्व राज्यपाल अजीज कुरैशी, पूर्व विधायक रमेश सक्सेना, पूर्व नपा अध्यक्ष राकेश राय, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल, जिला भाजपा अध्यक्ष रवि मालवीय, कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलवीर तोमर, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सीताराम यादव, जिला पंचायत सदस्य शशांक सक्सेना, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव राजीव गुजराती, जिला अभिभाषक संघ अध्यक्ष रवि भारद्वाज सहित पत्रकारों, समाजसेवियों जनप्रतिनिधियों ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button