Sehore News : हर घर तिरंगा अभियान के साथ में स्वच्छता का संदेश, नियम भी दरकिनार!
- पुलिस अधिकारियों के साथ बाईक रैली में बिना हेलमेट शामिल हो रहे जनप्रतिनिधि एवं आमजन

सीहोर। देश की आजादी के 79वे पर्व को मनाने के लिए हर तरफ खुशी का माहौल है। इसके लिए जगह-जगह तिरंगा यात्राएं भी निकाली जा रही हैं। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जहां स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है तो वहीं तिरंगा यात्राओं में नियमों की भी धज्जियां उड़ती हुई दिखाई दे रही है। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है, क्योंकि तिरंगा यात्रा के दौरान बाईक रैलियों का आयोजन किया जा रहा है। इन बाईक रैलियों में पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी सहित कुछ जनप्रतिनिधि तो हेलमेट पहनकर शामिल हो रहे हैं, लेकिन ज्यादातर लोग बाईक रैलियों में बिना हेलमेट के पुलिस अधिकारियों के साथ में सरपट बाईक दौड़ा रहे हैं। पिछले दिनों सीहोर नगर में बाईक रैली निकाली गई, जिसमें विधायक सुदेश राय हेलमेट पहनकर यात्रा में शामिल हुए, लेकिन ज्यादातर जिम्मेदार जनप्रतिनिधि एवं आमजन बिना हेलमेट के ही दिखाई दिए। इसी तरह इछावर में भी बाईक रैली के दौरान स्थानीय विधायक एवं राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा हेलमेट पहनकर बाईक चलाते नजर आए, लेकिन अन्य लोग बिना हेलमेट पहने ही दिखाई दिए।
यहां निकली हर घर तिरंगा अभियान के तहत बाईक रैली-
इछावर क्षेत्र में बाइक रैली का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति की भावना जागृत करना और स्वतंत्रता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। यह रैली कलेक्टर बालागुरु के. तथा पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन एवं एसडीओपी रोशन जैन के नेतृत्व में निकाली गई। रैली में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष देवेन्द्र वर्मा, एसडीएम जमील खान, थाना प्रभारी इछावर पंकज वाडेकर व थाना इछावर पुलिस स्टाफ, वन विभाग, नगर पालिका शिक्षा विभाग के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी सम्मिलित हुए। बाइक रैली का शुभारंभ सांदीपनी स्कूल से हुआ, जो नगर के मुख्य मार्गों, पान चौराहा से गुजरते हुए आजाद चौक पर संपन्न हुई।
रेहटी में रासेयो द्वारा तिरंगा रैली एवं नशा मुक्त भारत हेतु दिलाई शपथ-
रेहटी स्थित शासकीय महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान के अंतर्गत तिरंगा रैली एवं तिरंगा मानव श्रंखला का आयोजन प्राचार्य डॉ अंजली गढ़वाल के मार्गदर्शन एवं रासेयो कार्यक्रम अधिकारी डॉ पुनीत कुमार मालवी एवं राजाराम रावते के निर्देशन में आयोजित की गई। रैली में समस्त महाविद्यालय स्टाफ के साथ स्वयंसेवक बड़े उत्साह के साथ मौजूद रहे। इसी के साथ डॉ दीपक रजने के निर्देशन में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशे के दुष्परिणामों से बचाव एवं नशे की रोकथाम हेतु शपथ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
एक्स सर्विसमेन लीग के तत्वाधान में निकली तिरंगा रैली-
एक्स सर्विसमेन लीग के तत्वावधान में सीहोर जिले के पूर्व सैनिकों द्वारा मोटरसाइकिल तिरंगा रैली निकाली गई। सर्वप्रथम चंद्रशेखर आजाद कालेज में चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रैली की शुरूआत की गई। रैली शहर के मुख्य मुख्य मार्गों से भारत माता की जय, जय जवान-जय किसान, वन्दे मातरम् के जोश के साथ नारे लगाते हुई बस स्टैंड से होकर टाऊन हॉल में भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर राष्ट्रीय गीत के बाद संपन्न हुई। मीडिया प्रभारी मुकेश इटावरिया ने बताया कि तिरंगा यात्रा को लेकर पूर्व सैनिकों ने उत्साह दिखाया। इसमें सीहोर जिले के सभी पूर्व सैनिकों ने जोश के साथ बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया, जिसमें पूर्व सैनिक राम गोपाल आर्य जो वर्ष 1971 भारत-पाक युद्ध में शामिल थे, रैली में शामिल हुए। कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु एक्स सर्विसमेन लीग के अध्यक्ष सुबेदार हुकुम सिंह ने सभी पूर्व सैनिकों के आभार व्यक्त किया। रैली सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
बुधनी में रिमझिम बरसात में भी स्वतंत्रता का जज्बा रहा बरकरार –
बुधनी में तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें क्षेत्रीय विधायक रमाकांत भार्गव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। स्थानीय सांदीपनि विद्यालय से तिरंगा यात्रा प्रारंभ की गई, जिसमें शासकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने चढ़कर हिस्सा लिया। हालांकि कार्यक्रम के दौरान हल्की-हल्की बारिश होती रही, परंतु छात्र-छात्राओं का जज्बा कम नहीं हुआ। शिक्षक शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लिए देश भक्ति से सराबोर नारे लगाते हुए नगर के मुख्य मार्ग से होकर स्थानीय खेल मैदान पहुंचे, जहां विधायक रमाकांत भार्गव, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह राजपूत, युवा नेता कार्तिकेय सिंह चौहान, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता अर्जुन मालवीय, भाजपा नेता अर्जुन मालवीय, मंडल अध्यक्ष संतोष गौर, राजेश पाल आदि ने कार्यक्रम को संबोधित किया।
इनका कहना है-
इस समय जगह-जगह बाईक से तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। इन यात्राओं में शामिल होने वाले लोगों से अपील की जा रही है कि वे अपनी-अपनी गाड़ियों के साथ में हेलमेट लगाकर तिरंगा यात्रा में शामिल हों, ताकि इससे लोग भी जागरूक होंगे एवं जागरूकता का संदेश भी जाएगा। पुलिस द्वारा भी लगातार हेलमेट को लेकर लोगों को जागरूक किया जाता है एवं समय-समय पर चैकिंग अभियान भी चलाया जाता है साथ ही उन्हें समााईश भी दी जाती है। सभी लोग अपनी सुरक्षा के लिए बाईक चलाते समय हेलमेट पहने, कार चलाते समय सीट बेल्ट जरूर लगाएं।
– बृजमोहन धाकड़, यातायात प्रभारी, सीहोर