सीहोर। रविवार की रात एक फार्म हाउस से पार्टी मनाकर लौटे एक तहसीलदार और पटवारी लपता हो गए। जब सोमवार की सुबह तक दोनों घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने मंडी थाने में उनके गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मंडी पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
मंडी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार शाम को सिवनी मालवा में पदस्थ सीहोर निवासी तहसीलदार नरेंद्र ठाकुर और नसरुल्लागंज में पदस्थ सीहोर निवासी पटवारी महेंद्र रजक अपने दोस्तों के साथ भोपाल-इंदौर हाईवे के पास स्थित रफीकगंज में एक फार्म हाउस पर पार्टी मनाने के लिए गए थे। पार्टी मनाने के बाद नरेंद्र ठाकुर और महेंद्र रजक आई 20 कार में एवं उनके साथ पार्टी में गए राहुल आर्य और महेंद्र शर्मा एक दूूसरी कार में सवार हो गए। दोनों कारें एक साथ फार्म हाउस से निकलीं थीं। इसके बाद राहुल आर्य और महेंद्र शर्मा तो अपने घर पहुंच गए, लेकिन तहसीलदार नरेंद्र ठाकुर और महेंद्र रजक सुबह तक घर नहीं पहुंचे। दोनों के फोन भी बंद हो गए। सुबह जब परिजनों ने उनका पता किया तो फोन बंद था और कहीं पर भी उनका पता नहीं चल सका। इसके बाद नरेंद्र ठाकुर और महेंद्र रजक के परिजनों ने मंडी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
मंत्री पेट्रोल पंप तक दिखी कार-
मंडी थाना प्रभारी पुष्पेंद्र राठौर ने बताया कि दोनों की तलाश जारी है। प्राथमिक जांच में कार को मंत्री पेट्रोल पंप से निकलते हुए कैमरे में देखा गया है। इसके बाद कार किस तरफ गई यह पता नहीं चला है। रात में बारिश भी तेज थी, सीवन नदी भी उफान पर थी। पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी है।