Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीविशेषसीहोर

Sehore News… खेत में काम कर रहे युवक पर बाघ ने किया हमला, युवक घायल

- जंगली सुअर के पीछे भाग रहा था बाघ, तभी युवक पर भी किया हमला

सीहोर। जिले के बुधनी वन परिक्षेत्र के शाहगंज स्थित होड़ा बीट के जंगल में बाघ ने खेत पर काम कर रहे युवक पर हमला कर दिया। इससे युवक घायल हो गया। बताया जा रहा है कि बाघ अपने शिकार जंगली सुअर के पीछे दौड़ रहा था, तभी खेत में काम कर रहे युवक पर भी बाघ ने हमला बोल दिया। इसके बाद वह सुअर के पीछे भाग गया। बाघ के हमले का शिकार युवक घायल अवस्था में घर पहुंचा, जहां परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने उसे बुधनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। युवक खतरे से बाहर है एवं उसका इलाज किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बुधनी वन परिक्षेत्र के शाहगंज के नज़दीक होड़ा बीट के अंतर्गत आने वाले ग्राम खोहा मुरारी में युवक अर्जुन सिंह सराठे अपने खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान खेत से लगे जंगल की ओर से एक बाघ तेजी से दौड़ता हुआ आया। बाघ अपने षिकार के पीछे दौड़ लगा रहा था, तभी युवक ने बाघ को अपनी ओर आते देखा। वह कुछ समझ पाता इससे पहले ही बाघ ने युवक पर हमला बोल दिया। हालांकि बाघ हमला करके अपने षिकार जंगली सुअर के पीछे भाग गया। इसके बाद बाघ के हमले से घायल अर्जुन सिंह सराठे खून से लथपथ अवस्था में अपने घर पहुंचा एवं परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन तुरंत युवक अर्जुन सिंह सराठे को बुधनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लेकर पहुंचे। घटना की जानकारी वन विभाग को दी गई। इसके बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। बाघ के हमले से घायल अर्जुन सिंह ने बताया कि वह अपने खेत में काम कर रहा था। इस दौरान खेत में तेजी से हलचल दिखाई दी, तभी उसकी नजर सामने से आते हुए बाघ पर पड़ी तो वह सन्न रह गया। कुछ समझ पाता इससे पहले ही बाघ ने हाथ में मुंह से झपट्टा मारकर घायल कर दिया और जंगली सूअर के पीछे चला गया। यहां बता दें कि रातापानी अभ्यारण क्षेत्र से सटे गांवों में बाघ, तेंदुआ शिकार की तलाश में रहवासी क्षेत्र में आ जाते हैं। पूर्व में भी कई वन्य प्राणी लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं, जिसमें एक महिला और एक पुरुष ने अपनी जान गंवा दी है। यहां लगातार बाघ के हमलों की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में दहशत पैदा हो गई है। शाहगंज क्षेत्र के अधिकतर गांव वन परिक्षेत्र से सटे हुए हैं, जिसमें लोगों को दिन-रात आना-जाना पड़ता है। ऐसे में कई बार लोगों को बाघ, तेंदुए से भय बना रहता है।
इनका कहना है-
रविवार सुबह करीब 6 बजे ग्राम खोहा मुरारी में वन क्षेत्र से सटे जंगल से लगे एक खेत में युवक पर बाघ के हमले की सूचना मिली। इसके बाद टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी। घायल युवक को बुधनी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक का इलाज़ कराया जा रहा है। शासन की ओर से राहत राषि भी प्रदान की जाएगी।
– प्रकाश चंद्र उइके, वन परिक्षेत्र अधिकारी, बुधनी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button