Sehore News… हम कांग्रेस की तरह झूठे वादे नहीं करते: सुदेश राय, भाजपा के नेता तो सिर्फ झूठ बोलना ही जानते हैं: शशांक सक्सेना

सीहोर। सीहोर में भाजपा-कांग्रेस दोनों दल चुनाव प्रचार में दिन-रात एक किए हुए हैं। भाजपा प्रत्याशी सुदेश राय एवं कांग्रेस प्रत्याशी शशांक सक्सेना लगातार ग्रामीण क्षेत्रों सहित नगरीय क्षेत्र मेें भी चुनाव प्रचार करने में लगे हुए हैं। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी सुदेश राय ने कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस की तरह झूठे वादे नहीं करते हैं। इधर कांग्रेस प्रत्याशी शशांक सक्सेना बोले कि एकाधिकार के खिलाफ लड़ाई में जनता हमारे साथ है। भाजपा के लोग तोे सिर्फ झूठ बोलना ही जानतेे हैं। उनका सच से कोई वास्ता नहीं है।
क्षेत्र का विकास मेरी पहली एवं सर्वोच्च प्राथमिकता : सुदेश राय
गुरुवार को भाजपा प्रत्याशी विधायक सुदेश राय ने सीहोर विधानसभा के क्षेत्र अंतर्गत आने वाले अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क किया। इस मौके पर ग्रामीण क्षेत्र में करोड़ों रुपए के विकास कार्य हुए हैं, जिससे विकास की रोशनी से कोई भी क्षेत्र अछूता नहीं है। बहनों को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा दी जा रही लाडली बहना की राशि मिल रही है। आने वाले दिनों में यह राशि तीन हजार हो जाएगी। भाजपा प्रत्याशी विधायक श्री राय ने सीहोर विधानसभा के शीलपुरी, अवंतिपुरा, भरतपुर, बिजोरा, रोला, मानपुरा, जानपुर बावडिया, जाखाखेड़ी, राजूखेड़ी, सेमलीखुर्द, बिजौरी और कौडिया छीतू आदि ग्रामीण अंचलों में जनसंपर्क किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और उनके समर्थक साथ थे। ग्रामीण क्षेत्र में जनसभा में कार्यकर्ताओं से अपील की कि बूथ के अंतर्गत आने वाले सभी मतदाताओं से संपर्क अवश्य करें। घर-घर जाकर उनसे संवाद करें और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी दें। हम कांग्रेस की तरह झूठे वादे नहीं करते, जो कहते हैं, वो करके दिखाते हैं। मैं गर्व से कहता हूं कि भारतीय जनता पार्टी
की सरकार ने मध्यप्रदेश के हर क्षेत्र में विकास किया है और निरंतर करती रहेगी। उन्होंने कहाकि क्षेत्र का विकास मेरी पहली प्राथमिकता है। मैं इस क्षेत्र का विधायक नहीं आपका प्रधान सेवक हूं। इस अवसर पर जनसंपर्क के दौरान मिल रहे अपार जनसमर्थन से अभिभूत होकर भाजपा प्रत्याशी विधायक सुदेश राय ने कहा कि मुझे जनता का भरपूर प्यार और समर्थन मिल रहा है। मैं देव-तुल्य जनता को ये विश्वास दिलाता हूं कि एक सेवक के रूप में जनता की सेवा के लिए समर्पित भाव से काम करुंगा। विकास के मुद्दे को लेकर चुनावी मैदान में उतरा हूं। क्षेत्र में जो काम अधूरे पड़े हैं। पिछले 10 सालों में जो काम नहीं हो पाए वो काम पूरे कराना प्राथमिकता है। सबसे पहली प्राथमिकता अंत्योदय है। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों को योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। गुरुवार को भी अपने जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़े के साथ भाजपा प्रत्याशी सुदेश राय का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर विधायक श्री राय को ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क के दौरान आशीर्वाद और स्नेह मिला।
एकाधिकार के खिलाफ लडाई में जनता हमारे साथ : शशांक सक्सेना
यह चुनाव अमीर और गरीब के बीच का चुनाव है। एक तरफ आम जनता है तो दूसरी और पूंजीवादी ताकतें हैं जो ऐन केन प्रकरण सत्ता पर काबिज होना चाहती है। बीते दस सालों से यहां पर एक ही परिवार का एकाधिकार बढ़ता जा रहा है। आमजन महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार से त्रस्त है लेकिन भाजपा के जनप्रतिनिधियों की संपत्तियां बढ़ रही हैं। लोग आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। यह बात गुरूवार को जनसंपर्क के दौरान सीहोर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी शशांक सक्सेना ने लोगों से कही। नगर में जनसंपर्क के दौरान श्री सक्सेना लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं और भाजपा सरकार की खामियों को जनता के सामने रख रहे हैं। केन्द्र, प्रदेश और निकायों में भाजपा सरकार होने के बाद भी सीहोर विधानसभ में कभी विकास कार्य नहीं हुए। मेडिकल कालेज बुधनी में बनाया जा रहा है, जबकि यह सीहोर मुख्यालय पर बनना था। भाजपा के नेता झूठ बोलना जानते हैं झूठे वादे करना जानते हैं। रेल इंजन कारखाने का भूमिपूजन दस साल पहले सीएम शिवराज सिंह चौहान ने किया था आज तक नहीं बना। उन्होंने कस्बा क्षेत्र के वार्ड 29,30,34,35 में
डोर टू डोर जनसंपर्क किया। कांग्रेस प्रत्याशी शशांक सक्सेना ने कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधि विकास का राग अलापते हैं, स्मार्ट सिटी बनाने की वादे करते हैं। हकीकत यह है कि बीते दस वर्षों में सीहोर पिछड़ता ही जा रहा है। मुख्यालय पर आज हाल यह है कि महत्वपूर्ण रेलगाड़ियां नहीं रूकती, लोग महंगे सफर को मजबूर हैं पर इन्हें क्या यह पूंजीपति लोग हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब ऐसे स्वार्थी लोगों को नकार चुकी है। कांग्रेस की सरकार बनने पर ऐसे लोगों को एकाधिकार समाप्त हो जाएगा। जनता का राज कायम होगा। विभागों में काम करवाने के लिए जनता को भटकना नहीं पड़ेगा। कमलनाथ एक दूरदृष्टि रखने वाले नेता हैं, उनके नेतृत्व में प्रदेश समृद्ध और खुशहाल होगा।