सीहोर पुलिस ने चलाया ‘चेतना’ अभियान, छात्राओं को दी मानव दुर्व्यापार के बारे में जानकारी

सीहोर। मानव दुर्व्यापार की लगातार बढ़ती घटनाओं को लेकर सीहोर पुलिस द्वारा चेतना अभियान की शुरुआत की गई है। इसी कड़ी में महिला थाना प्रभारी पूजा सिंह राजपूत ने मानव दुर्व्यापार की रोकथाम एवं महिला सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे चेतना अभियान के अंतर्गत एमएलबी स्कूल सीहोर में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को इसकी जानकारी दी। इसमें करीब 100 छात्राओं एवं शिक्षकगणों ने भाग लिया, जिन्हें मानव दुर्व्यापार संबंधी आवश्यक जानकारियां दी गर्इं एवं मानव दुर्व्यापार क्या होता है? दुर्व्यापार करने के पश्चात बच्चों से बंधुआ मजदूरी, भीख मंगवाना, वैश्यावृत्ति करवाना, अंग प्रत्यारोपण, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करना, जबरदस्ती शादी करवाना, स्पा अथवा बार मैं दैहिक शोषण करवाने सहित अन्य जानकारी दी गर्इं। छात्राओं को बताया गया कि किस किस तरह से लोग सोशल मीडिया के माध्यम से, अच्छी नौकरियां देने का झांसा देकर व कम समय में अधिक पैसे कमाने का लोभ देकर मानव दुर्व्यापार व्यापार का हिस्सा बना लेते हैं। इसके अंतर्गत कौन-कौन से गिरोह कार्य कर रहे हैं एवं इसकी रोकथाम के लिए आवश्यक उपाय बताएं, साथ ही सभी हेल्पलाइन नंबर के संबंध में जानकारी व उक्त अभियान के संबंध में पंपलेट का वितरण किया गया।