सीहोर : दशहरा पर जगह-जगह हुआ रावण दहन, शस्त्र पूजा भी हुई
सीहोर में शस्त्र पूजा में शामिल हुए राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, शाहगंज में पहुंचे विधायक रमाकांत भार्गव, जिलेभर के थानों में हुआ आयोजन

सीहोर। जिलेभर में बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व दशहरा धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान जिलेभर में जगह-जगह रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का दहन हुआ। सीहोर में पूर्व जिला पंचायत, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा के नेतृत्व में छावनी दशहरा उत्सव समिति द्वारा वॉटरप्रूफ रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया। इधर दशहरा पर्व के अवसर पर सीहोर में शस्त्र पूजा भी हुई। इसमें प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा पहुंचे। इस दौरान एसपी दीपक कुमार शुक्ला, एएसपी सुनीता रावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे, वहीं शाहगंज में हुई शस्त्र पूजा में बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव, एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहा। रेहटी, बुधनी, भैरूंदा, आष्टा सहित जिलेभर के थानों में भी जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की उपस्थिति में विधि विधान से शस्त्र पूजा हुई।
चल समारोह निकला, लोगों ने दी एक-दूसरे को बधाई –
सीहोर में दशहरा के अवसर पर छावनी दशहरा उत्सव समिति के तत्वावधान में चल समारोह निकाला गया। समिति द्वारा 71 फीट ऊंचे पुतलों का निर्माण कराया गया। बाल विहार मैदान पर जोरदार आतिशबाजी और रोशनी के बीच रावण दहन से पहले, भगवान श्रीराम और रावण के मध्य महायुद्ध हुआ। कार्यक्रम के दौरान लगातार तीन घंटे तक आकाशीय बहुरंगी आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया, जिसके लिए मुंबई से विशेष आतिशबाजी बुलाई गई थी। इससे पहले जसपाल सिंह अरोरा सहित समिति के सदस्यों ने प्राचीन गणेश मंदिर, कुबेरेश्वरधाम, भूतेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य स्थानों पर पहुंचकर निमंत्रण भेंट कर संतों का आशीर्वाद ग्रहण किया।
पुलिस परेड ग्राउंड पर हुई शस्त्र पूजा –
दशहरे के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने शस्त्रों एवं वाहनों का पूजन किया और प्रदेश एवं देश में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इसके साथ ही नागरिकों को दशहरे की शुभकामनाएं दीं। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पर्व हमें जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने और कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि शस्त्र पूजन भारतीय संस्कृति की विशेष परंपरा है, जो आत्मरक्षा और वीरता के महत्व को दर्शाती है। हमें अपने कर्तव्यों के साथ समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। कार्यक्रम में विधायक सुदेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सीताराम यादव, कलेक्टर बालागुरू के., एसपी दीपक कुमार शुक्ला, एएसपी सुनीता रावत, एसडीएम तन्मय वर्मा, सुदीप प्रजापति, पंकज गुप्ता, राजकुमार गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी शस्त्रों एवं अपने वाहनों की पूजा की तथा सभी को दशहरे की शुभकामनाएं देते हुए जिले एवं देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
थाना शाहगंज में भी हुई शस्त्र पूजन, विधायक हुए शामिल –
दशहरा पर्व पर शाहगंज थाना परिसर में पारंपरिक शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव उपस्थित रहे। इस दौरान जनपद पंचायत बुधनी के अध्यक्ष महेन्द्र शर्मा, नगर परिषद शाहगंज की अध्यक्ष सोनम भार्गव, एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा, थाना प्रभारी शाहगंज दिनेश चौहान सहित समस्त पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।
जिलेभर में हुआ रावण दहन, चल समारोह भी निकले –
दशहरा पर्व के अवसर पर सीहोर जिला मुख्यालय सहित जिले भर के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी रावण का दहन किया गया। हिन्दू उत्सव समिति रेहटी द्वारा प्रति वर्षानुसार इस वर्ष भी रंगारंग आतिशबाजी के साथ रावण का दहन हुआ। कृषि उपज मंडी प्रांगण पर आयोजित समारोह में 51 फीट ऊंचा रावण आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। हिंदू उत्सव समिति रेहटी द्वारा गणेश उत्सव एवं दुर्गा उत्सव समिति वालों का भी यहां पर सम्मान किया गया। भारी तादाद में जनसमूह की उपस्थिति रहा। इस दौरान दशहरा जीतकर घर आए लोगों का घर की महिलाओं ने तिलक लगाकर स्वागत किया, वही घर-घर शस्त्र एवं वाहनों की पूजा की गई। इससे पहले कई जगह दुर्गा प्रतिमाओं का चल समारोह भी निकाला गया और प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।