
सीहोर। धर्म और आस्था की नगरी सीहोर अब काशी, मथुरा और बरसाने की तर्ज पर भक्ति के रंगों में सराबोर होने जा रही है। आगामी 5 मार्च को शहर में महादेव की होली का भव्य आयोजन किया जाएगा। कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में होने वाले इस उत्सव को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और रंगभरी एकादशी से इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं।
श्रद्धा भक्ति सेवा समिति, संस्कार मंच और हनुमान मंदिर समिति ने सैकड़ाखेड़ी स्थित वृद्धाश्रम में भगवान का फूलों से भव्य श्रृंगार कर इस उत्सव का शंखनाद किया। संस्कार मंच के संरक्षक मनोज दीक्षित ने बताया कि महादेव की यह दिव्य होली केवल रंगों का खेल नहीं, बल्कि आध्यात्मिक जागरण का पर्व है। पंडित प्रदीप मिश्रा के आह्वान के बाद देशभर से श्रद्धालु इस पावन पल का साक्षी बनने के लिए सीहोर पहुंच रहे हैं।
चमत्कारेश्वर से मनकामेश्वर तक गूंजेगा हर-हर महादेव
होली महोत्सव की शुरुआत 5 मार्च को सुबह 9 बजे छावनी स्थित चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर से होगी। यहां महादेव के साथ केसरिया रंग और गुलाल से होली खेली जाएगी। इसके बाद यह उत्सव शहर के प्रमुख मंदिरों गुप्तेश्वर महादेव, पिपलेश्वर महादेव और नर्मदेश्वर महादेव से होते हुए मनकामेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगा। पूरे मार्ग में ढोल-नगाड़ों और शिव भजनों के बीच भक्त झूमते नजर आएंगे।
पं. प्रदीप मिश्रा ने दिया संदेश
पंडित प्रदीप मिश्रा ने संदेश दिया है कि दुनिया ने ब्रज की होली देखी है, लेकिन सीहोर में महादेव की होली का दर्शन कर भक्त आस्था के एक नए और दिव्य स्वरूप का अनुभव करेंगे। आयोजन का समापन मनकामेश्वर मंदिर में विशेष आरती के साथ होगा। तैयारियों में आश्रम संचालक राहुल सिंह, जितेंद्र तिवारी, मनीष ठाकुर सहित बड़ी संख्या में युवा और बुजुर्ग जुटे हुए हैं।