
सीहोर। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने बकाया बिजली बिलों की वसूली के लिए जिले के ग्रामीण इलाकों में अब तक का सबसे सख्त और आक्रामक अभियान शुरू किया है। कंपनी की टीम अब केवल नोटिस देने तक सीमित नहीं है, बल्कि गनमैन के साथ गांवों में पहुंचकर सीधे कुर्की और जब्ती की कार्रवाई कर रही है। ताजा मामला बिलकिसगंज क्षेत्र का है, जहां बकाया राशि न चुकाने पर किसानों के ट्रैक्टर और अन्य वाहन जब्त किए जा रहे हैं।
हाल ही में ग्राम बिलकिसगंज का एक वीडियो तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि विद्युत कंपनी के 6-7 कर्मचारी सुरक्षा के लिए तैनात गनमैन के साथ एक किसान के घर पहुंचे। भारी पुलिसिया अंदाज में महज 5 मिनट के भीतर टीम किसान का ट्रैक्टर जब्त कर ले गई। बताया जा रहा है कि संबंधित किसान पर हजारों रुपये का बिल बकाया था, जिसका लंबे समय से भुगतान नहीं हुआ था।
इन गांवों में हुई बड़ी कार्रवाई
उच्च अधिकारियों के निर्देश पर बिलकिसगंज वितरण केंद्र के अंतर्गत आने वाले कई गांवों में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अब तक ग्राम पाटनी, रलावती, हीरापुर, उल्झावन और भोजनगर में टीम ने दबिश दी है। इस दौरान उन उपभोक्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है जो बार-बार चेतावनी के बावजूद बिल जमा नहीं कर रहे हैं।
34 लाख की वसूली के लिए 28 वाहन जब्त
विद्युत विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस अभियान के तहत अब तक 28 डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के खिलाफ सीधी कार्रवाई की गई है। इन उपभोक्ताओं पर कुल 34 लाख रुपये की राशि बकाया थी। विभाग ने मौके से ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल और अन्य कीमती सामान जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया है।
विभाग की सख्त चेतावनी
विद्युत विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अप्रिय कार्रवाई से बचने के लिए अपने बकाया बिलों का तत्काल भुगतान करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह आक्रामक अभियान रुकने वाला नहीं है और आने वाले दिनों में अन्य गांवों में भी इसी तरह की सख्त जब्ती की जाएगी।