रेहटी-शाहगंज के थाना क्षेत्रों में गूंजा नारा, नशे से दूरी है जरूरी, छात्र-छात्राओं को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ

सीहोर। युवा पीढ़ी को नशे के दलदल से बचाने और समाज को नशामुक्त करने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में विशेष पहल की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के मार्गदर्शन में 16 जुलाई को अनुभाग बुदनी के तीनों थाना क्षेत्रों के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों में नशे से दूरी है जरूरी जागरूकता अभियान 2.0 के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के गंभीर दुष्परिणामों से अवगत कराया गया और उन्हें जीवन में कभी भी नशे को न अपनाने की प्रतिज्ञा दिलाई गई।

शाहगंज के शासकीय आईटीआई में दी स्वस्थ जीवनशैली की सीख
थाना शाहगंज के अंतर्गत शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शाहगंज में एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भारी संख्या में छात्र-छात्राएं और संस्थान का स्टाफ मौजूद रहा। पुलिस अधिकारियों ने युवाओं को समझाया कि नशा न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बर्बाद करता है, बल्कि पूरे परिवार को तबाह कर देता है। उपस्थितजनों को नशे से दूर रहकर एक स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अंत में सभी को नशामुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई गई।
कन्या विद्यालय में छात्राओं ने लिया संकल्प
थाना रेहटी के अंतर्गत ग्राम मोगरा स्थित शासकीय कन्या विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां छात्राओं और स्कूल स्टाफ को नशे के सामाजिक व पारिवारिक दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। छात्राओं को प्रेरित किया गया कि वे अपने घरों और आसपास के लोगों को भी इस लत से दूर रहने के लिए जागरूक करें। सभी छात्राओं ने एकजुट होकर नशे से हमेशा दूरी बनाए रखने की शपथ ली।
उत्कृष्ट विद्यालय में गूंजा नशामुक्ति का संदेश
थाना बुदनी क्षेत्र के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बुदनी में भी अभियान के तहत भव्य कार्यक्रम हुआ। यहां पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को नशे के वैज्ञानिक व व्यावहारिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। छात्रों को संदेश दिया गया कि देश के विकास में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है, इसलिए वे खुद को नशे से दूर रखें। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के स्टाफ और छात्र.छात्राओं को नशे के खिलाफ संकल्प दिलाया गया।
समाज को बनाना है नशामुक्त
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवा वर्ग विशेषकर छात्र-छात्राओं को नशे की शुरुआत करने से पहले ही इसके दुष्परिणामों के प्रति सचेत करना है। पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में नशे के खिलाफ एक मजबूत सामाजिक माहौल तैयार किया जा सके।

Exit mobile version