घटना स्थल पर पहुंचे एसपी शुक्ला, बारिकी से किया निरीक्षण

सीहोर। कोतवाली थाना अंतर्गत मोती बाबा मंदिर के पास हुई हालिया सडक़ दुर्घटना के बाद पुलिस प्रशासन सख्त हो गया है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, विशेषकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण के दौरान एसपी शुक्ला ने स्पष्ट किया कि यदि कोई वाहन चालक नशे की हालत में गाड़ी चलाता है और उसके कारण किसी व्यक्ति की मृत्यु होती है तो उसके विरुद्ध पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के अनुसार गैर इरादतन हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा। अब इसे केवल सामान्य दुर्घटना नहीं माना जाएगा।
घायलों के लिए 1.50 लाख तक का मुफ्त इलाज
आमजन को राहत देने के लिए शासन की पीएम राहत योजना के बारे में भी जानकारी दी गई। इसके तहत सडक़ दुर्घटना में घायल व्यक्ति का किसी भी अस्पताल में 1.50 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार नि:शुल्क कराया जाएगा।
नेक राहगीर को 25 हजार का इनाम
पुलिस ने राहगीर योजना को बढ़ावा देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाता है या उसकी जान बचाने में मदद करता है तो उसे नेक राहगीर माना जाएगा। ऐसे व्यक्ति को शासन की ओर से 25 हजार रुपये तक के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर अभियान
एसपी श्री शुक्ला ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि आगामी दिनों में चैकिंग अभियान चलाकर शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। इधर यातायात पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे नशे में वाहन न चलाएं और सडक़ सुरक्षा के प्रति सजग रहें, ताकि अमूल्य मानव जीवन को बचाया जा सके।

Exit mobile version