शारीरिक-मानसिक विकास के लिए खेल अत्यंत जरुरी: सोलंकी

- ग्राम चांदबड़ जागीर में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन

सीहोर। खेलों को बढ़ावा देने और ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत चांदबड़ जागीर में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। इस महोत्सव में ग्राम पंचायत आछारोही, चांदबड़ जागीर और दुरगांव के स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित पूर्व मंडल अध्यक्ष गिरीश सोलंकी ने खिलाडिय़ों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें संबोधित किया। श्री सोलंकी ने कहा कि खेल हमारे शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। यह हमें न केवल स्वस्थ बनाता है, बल्कि टीम भावना, अनुशासन और संघर्षों से लडऩे की सीख भी देता है। आप सभी बच्चे जिस जोश और ऊर्जा के साथ इस महोत्सव में भाग ले रहे हैं, वह प्रशंसनीय है। यही प्रतिभाएं आगे चलकर देश का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने सभी बच्चों को खेल भावना से खेलने और हार जीत को सहजता से स्वीकार करने के लिए प्रेरित किया।
विभिन्न खेलों में बच्चों का प्रदर्शन
ग्राम पंचायत चांदबड़ जागीर के सचिव हरिसिंह सोलंकी ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव के तहत कबड्डी, कुर्सी दौड़, रस्सा कसी और खो खो जैसे पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया। स्कूली बच्चों ने इन प्रतियोगिताओं में अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष प्रीतम गौर, सरपंच प्रतिनिधि दुरगांव रामदयाल समर, मंडल उपाध्यक्ष जगदीश शर्मा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में पीसीओ जनपद से सीएस बरकड़े और महिला बाल विकास विभाग से सुपरवाइजर आसमा खान, आछारोही से सहायक सचिव जितेंद्र सोलंकी, सचिव मथुरा प्रसाद गौर, दुरगांव से सहायक सचिव चंद्रप्रकाश साहू सहित अन्य पदाधिकारियों ने योगदान दिया।

Exit mobile version