
सीहोर। त्योहारों के इस पावन पर्व पर जहां एक तरफ आम लोग भक्ति और उल्लास में डूबे हैं, वहीं दूसरी तरफ कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना पूरी तरह सख्त नजर आ रही हैं। नवरात्रि के माहौल में ढिलाई बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर एसपी का रौद्र रूप देखने को मिला है। रात के वक्त अचानक औचक निरीक्षण पर निकलीं एसपी ने ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर पुलिसकर्मियों की क्लास लगा दी और उनसे स्पष्टीकरण तलब किया है।
बता दें त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एसपी सोनाक्षी सक्सेना भेरूंदा और गोपालपुर थाना क्षेत्र के दौरे पर थीं। इसी दौरान रात करीब 11.00 बजे वह अचानक लाडक़ुई पुलिस चौकी पहुंच गईं। अचानक हुए इस औचक निरीक्षण से चौकी पर हडक़ंप मच गया। जांच के दौरान लाडक़ुई चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों और डायल 112 के कर्मचारियों में अपेक्षित सतर्कता और सजगता का भारी अभाव पाया गया। त्योहारों के दिनों में इस तरह की लापरवाही को एसपी ने बेहद गंभीरता से लिया और तत्काल प्रभाव से संबंधित कर्मचारियों का स्पष्टीकरण मांगते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।
अपराधियों पर नकेल और थानों में समीक्षा बैठक
लाडक़ुई चौकी का औचक निरीक्षण करने के बाद एसपी ने थाना भेरूंदा और गोपालपुर का दौरा किया। यहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ लंबी बैठक कर क्षेत्र के आपराधिक मामलों की फाइलें खंगालीं। बैठक के दौरान एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुराने वारंटियों की तुरंत धरपकड़ की जाए और संपत्ति संबंधी अपराधों पर रोक लगाई जाए। गड़बड़ी फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई हो। संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त बढ़ाई जाए और रात्रि चेकिंग पॉइंट्स को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए।
गोपालपुर में नए थाने के लिए जमीन का जायजा
एसपी ने थाना गोपालपुर के प्रस्तावित नए भवन के लिए चिन्हित जमीन का मौका मुआयना किया। उन्होंने प्रशासनिक सुविधाओं, रोड कनेक्टिविटी और सुरक्षा के पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तकनीकी जायजा लिया। साथ हीए थाना प्रभारी गोपालपुर को निर्देश दिए कि भवन निर्माण से जुड़ी सभी विभागीय औपचारिकताएं तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं। निरीक्षण के अंत में एसपी ने पुलिस बल का हौसला भी बढ़ाया, लेकिन दो टूक शब्दों में यह भी चेतावनी दी कि त्योहारों के इस सीजन में सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।