रेहटी-बुधनी में राशन माफियाओं पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ 7 दुकानों पर केस दर्ज

सीहोर। गरीबों के निवाले में लापरवाही बरतने वाले राशन दुकानदारों के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर बालागुरु के. के सख्त निर्देश पर बुधनी और रेहटी अनुभाग की 7 उचित मूल्य की दुकानों पर गंभीर अनियमितताओं के चलते केस दर्ज किए गए हैं।
खाद्य विभाग की जांच में बुधनी अनुभाग के अंतर्गत आने वाली रतनपुर, कुसुमखेड़ा, नानभेंट, जोनतला, बकतरा, कोसमी और रेहटी की राशन दुकानों में भारी अनियमितताएं पाई गईं। इन दुकानों के खिलाफ सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन विक्रेताओं पर राशन वितरण में जानबूझकर देरी करने, नियमित रूप से दुकान न खोलने और उपभोक्ताओं की अनिवार्य ई.केवाईसी न करने के गंभीर आरोप हैं।
आष्टा में भी दुकानों पर लगा जुर्माना
बुधनी के साथ-साथ आष्टा अनुभाग में भी कार्रवाई की आंच पहुंची है। सिद्दीकगंज, कोटियानाला, सेमलीबारी और कांकरियाखेरी की दुकानों पर 3000-3000 रुपये का चालानी जुर्माना लगाया गया है। वहीं कम राशन बांटने पर कोटियानाला और कन्नोदमिर्जा के विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस थमाया गया है।
गरीबों का हक मारा तो होगी जेल: प्रशासन
प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि राशन वितरण में किसी भी तरह की कटौती या ई.केवाईसी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बुधनी-रेहटी क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अब प्रशासन ने गश्त और औचक निरीक्षण तेज कर दिया है। जिला आपूर्ति अधिकारी ने कहा है कि उपभोक्ताओं को समय पर और पूरा राशन दिलाना हमारी प्राथमिकता है और जो दुकानदार नियमों का उल्लंघन करेंगे, उनके लाइसेंस निरस्त कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version