सीहोर में टीम भाजपा का ऐलान, 8 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री, 8 मंत्री सहित 28 पदाधिकारी शामिल

- 345 दिनों के बाद घोषित हो सकी भाजपा की जिला कार्यकारिणी, सीहोर, आष्टा और बुधनी को मिली महामंत्री की कमान

सीहोर। आखिरकार भारतीय जनता पार्टी जिला सीहोर की कार्यकारिणी की घोषणा हो गई। इसमें 8 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री, 8 मंत्री, कोषाध्यक्ष, दो सह कोषाध्यक्ष, कार्यालय मंत्री, दो सह कार्यालय मंत्री, मीडिया प्रभारी, सह मीडिया प्रभारी और आईटी प्रभारी के नामों की घोषणा की गई है। कार्यकारिणी की घोषणा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा के नाम की घोषणा के करीब 345 दिनों बाद हुई है। भाजपा ने नरेश मेवाड़ा को 16 जनवरी 2025 को जिलाध्यक्ष बनाया था और अब उन्होंने अपनी कार्यकारिणी की घोषणा भी कर दी है। हालांकि कार्यकारिणी की घोषणा के बाद विरोध के स्वर भी उठने लगे हैं। आरोप लगाए जा रहे हैं कि कार्यकारिणी में कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई है और उन्हें उनके कार्यों के अनुरूप पद नहीं दिए गए हैं। कार्यकारिणी में कई जमीनी कार्यकर्ताओं को शामिल नहीं किया गया है। कार्यकारिणी में सीहोर, आष्टा और बुधनी विधानसभा क्षेत्र से एक-एक महामंत्री बनाया गया है। युवाओं एवं महिलाओं को भी शामिल किया गया है।
ये है कार्यकारिणी-
जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने नई कार्यकारिणी में जितेंद्र गौड़, तारा कटारिया और पंकज गुप्ता को जिला महामंत्री नियुक्त कर जिले के तीन बड़े राजनीतिक केंद्रों सीहोर, बुधनी और आष्टा को सीधा प्रतिनिधित्व दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कार्यकारिणी गठन में हुई देरी की मुख्य वजह सभी गुटों और क्षेत्रों के बीच समन्वय बैठाना था। संगठन की मजबूती के लिए उपाध्यक्ष पद पर अतुल शर्मा, धारासिंह पटेल, कैलाश सुराणा, राजेंद्र राजपूत, प्रेमनारायण मीना, ओम पटेल, रुपेश राठौर और आनंद पटेल को जिम्मेदारी दी गई है। मंत्री पद के लिए लाल सिंह चौहान, राजेश पाल, गिरीश सोलंकी, बलवंत सिंह परमार, अलका चौहान, सविता जयसिंह ठाकुर, दिनेश मेवाड़ा और प्रीति सोनी के नामों पर मुहर लगी है। संगठन के वित्तीय और प्रशासनिक प्रबंधन के लिए हेमलता विजेंद्र परमार को कोषाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि शिवम सोनी और अनिता ठाकरे सह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे। कार्यालय प्रबंधन के लिए आशीष पचौरी को कार्यालय मंत्री और उमेश शर्मा व गिरीजा कुशवाह को सह कार्यालय मंत्री नियुक्त किया गया है। आगामी चुनौतियों और डिजिटल युग को देखते हुए मीडिया विभाग की कमान प्रीतेश राठौर को सौंपी गई है। उनके साथ पवन जैन सह मीडिया प्रभारी होंगे। वहीं आईटी विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अनुपम गौड़ को दी गई है।

Exit mobile version