Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

जमोनिया से मिला युवक का शव, नर्मदा में डूबे बिहार के दो युवकों का अब तक सुराग नहीं

सीहोर। जिले के लिए पिछला 48 घंटा हादसों भरा रहा। जहां एक ओर मंडी क्षेत्र के जमोनिया तालाब में डूबे 18 वर्षीय युवक का शव दो दिन बाद बरामद कर लिया गया है, वहीं दूसरी ओर भैरूंदा के सीलकंठ घाट पर नर्मदा नदी में नाव पलटने से लापता हुए बिहार के दो युवकों का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। जिले के दो अलग-अलग क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं से मातम पसरा हुआ है।

बता दें मंडी निवासी 18 वर्षीय आर्यन सूर्यवंशी शुक्रवार को अपने दोस्तों के साथ जमोनिया तालाब में नहाने गया था, जहां वह गहरे पानी में समा गया था। शुक्रवार शाम से ही पुलिस और गोताखोरों की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही थी। रविवार सुबह तालाब की सतह पर शव उतराता हुआ मिला। पिछले दो दिनों से उम्मीद लगाए बैठे परिजनों का शव देखते ही सब्र का बांध टूट गया। आर्यन की मौत से पूरे मंडी क्षेत्र में शोक की लहर है।
रेत से लदी नाव पलटी, दो सुरक्षित, दो लापता
भैरूंदा क्षेत्र के सीलकंठ नाव घाट पर शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हुआ। यहां नर्मदा नदी में रेत से लदी एक नाव असंतुलित होकर बीच मझधार में पलट गई। नाव पर बिहार के पूर्णिया जिले के रहने वाले चार युवक सवार थे। नाव पलटते ही चारों पानी में गिर गए, जिनमें से मुकेश कुमार और सोनू कुमार ने तैरकर अपनी जान बचा ली, लेकिन उनके साथी लड्डू कुमार और रंजीत तेज बहाव में बह गए।
काम की तलाश में दो दिन पहले ही आए थे
पुलिस जांच में यह दुखद पहलू सामने आया है कि लापता हुए दोनों युवक महज दो दिन पहले ही बिहार के पूर्णिया से काम की तलाश में यहां आए थे। ये आपस में साले-जीजा और साढू बताए जा रहे हैं। रोजगार की तलाश में आए इन युवकों के साथ हुए हादसे ने उनके परिवारों को झकझोर कर रख दिया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे की सूचना मिलते ही भैरूंदा एसडीओपी रोशन कुमार जैन और थाना प्रभारी घनश्याम सिंह दांगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीमें लगातार नर्मदा की लहरों में लापता युवकों की तलाश कर रही हैं, लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद भी अब तक सफलता नहीं मिली है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नाव में क्षमता से अधिक रेत भरी थी, जबकि कुछ लोग मछली पकडऩे जाने की बात भी कह रहे हैं। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button