
सीहोर। जिले में सडक़ हादसों पर लगाम लगाने और सुगम व सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। गुरुवार को कलेक्टर बालागुरू के. की अध्यक्षता में जिला सडक़ सुरक्षा समिति की एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की खराब सडक़ों और गड्ढों की मरम्मत न होने पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और नगर पालिका सीहोर के मुख्य नगरपालिका अधिकारी को फटकार लगाते हुए तत्काल गड्ढे भरने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने भी हिस्सा लिया और सडक़ सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। कलेक्टर बालागुरू के. ने जिले की सडक़ों की वर्तमान स्थिति की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सडक़ों पर बने गड्ढे और उनकी जर्जर हालत ही अधिकांश सडक़ दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बनती है।
सीएमओ से कही यह बात
कलेक्टर ने नगर पालिका सीएमओ को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि शहर और जिले की सडक़ों के गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता की सुरक्षा और सडक़ सुधार के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
घायलों को समय पर मिले कैशलेस इलाज का लाभ
बैठक के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सडक़ दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल होने वाले व्यक्तियों को प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत मिलने वाली कैशलेस उपचार सुविधा का शत.प्रतिशत और प्रभावी लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि दुर्घटना के तुरंत बाद पात्र घायलों को बिना किसी देरी के त्वरित इलाज मिले। इसके साथ ही सडक़ हादसों में मृतकों के परिजनों और घायलों को मिलने वाली सरकारी राहत राशि के प्रकरणों का निराकरण तय समय-सीमा के भीतर किया जाए।
नियम तोडऩे वालों लाइसेंस होंगे निलंबित
यातायात नियमों के पालन को लेकर एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने कड़े निर्देश दिए, जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, बिना हेलमेट-सीटबेल्ट और ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमित रूप से चालान काटे जाएंगे। गंभीर मामलों में लापरवाही से वाहन चलाने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई तुरंत की जाएगी। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां तत्काल सुधार के कार्य किए जाएंगे और हाईवे पर पुलिस की नियमित निगरानी बढ़ाई जाएगी। सडक़ हादसे में घायल व्यक्ति को समय रहते अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार नागरिकों को प्रोत्साहित करने वाली राहवीर योजना और इसकी प्रोत्साहन राशि का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
अतिक्रमण हटेगा, बढ़ेगी जागरूकता
कलेक्टर और एसपी ने संयुक्त रूप से अधिकारियों को निर्देश दिए कि सडक़ों पर सुगम यातायात में बाधा बनने वाले सभी प्रकार के अवैध अतिक्रमणों को सख्ती से हटाया जाए। साथ ही आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपस में बेहतर समन्वय बनाकर काम करें।
बैठक में यह रहे उपस्थित
सडक़ सुरक्षा की इस बैठक में वन मंडलाधिकारी अर्चना पटेल, ई.पीडब्ल्यूडी के बीएल अहिरवार, यातायात थाना प्रभारी बृजमोहन धाकड़ सहित लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।