आष्टा में बिजली, पानी और सडक़ के मुद्दों पर 7 सितंबर से कांग्रेस निकालेगी 30 किलोमीटर लंबी पदयात्रा

सीहोर। आष्टा विधानसभा क्षेत्र में बिजली, पानी, सडक़ और फसल बीमा जैसी बुनियादी समस्याओं को लेकर कांग्रेस अब बड़ा आंदोलन करने जा रही है। 7 और 8 सितंबर को कांग्रेस नेता और जिला पंचायत सदस्य कमल सिंह चौहान की अगुवाई में 30 किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा की तैयारियों को लेकर गुरुवार को सिद्दीकीगंज के मांगलिक भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं की एक अहम बैठक हुई।
वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कमल सिंह चौहान बहुत ही कम अंतर (महज 3.3 प्रतिशत यानी लगभग 7903 वोटों) से चुनाव हार गए थे। पिछले चुनाव में भाजपा के गोपाल सिंह इंजीनियर को 1,18,750 वोट मिले थे, जबकि कमल सिंह चौहान को 1,10,847 वोट मिले थे। इसी मामूली अंतर को साधने और जनता के बीच अपनी पैठ मजबूत करने के लिए कांग्रेस ने सीधे गांवों का रुख किया है।
35 साल के भाजपा शासन पर उठाए सवाल
बैठक में कमल सिंह चौहान ने कहा कि आष्टा क्षेत्र में पिछले 35 सालों से भाजपा का कब्जा है, फिर भी यहां के ग्रामीण बिजली, पानी, अच्छी सडक़ों और स्वास्थ्य सेवाओं जैसी जरूरी सुविधाओं के लिए परेशान हो रहे हैं।
सडक़ों की हालत खराब
खजूरिया कासम से कवटिया, बरखेड़ी, सुशीलनगर, सिद्दीकगंज, धरमपुरी, खेड़ापुरा और धुराड़ा कलां जैसी ग्रामीण सडक़ों का सालों से न बनना।
पानी की किल्लत
सिद्दीकगंज और आसपास के दर्जनों गांवों को नर्मदा पेयजल योजना से न जोड़ा जाना।
फसल बीमा की अनदेखी
फसल बीमा वितरण में हुई धांधली के कारण दर्जनों गांवों के किसानों को मुआवजा न मिलना।
दो दिन का ऐसा रहेगा पदयात्रा का रूट
पहला दिन 7 सितंबर: यात्रा सिद्दीकीगंज से शुरू होकर सुशीलनगर, बरखेड़ी, नयापुरा, कवटिया नाला होते हुए खजूरिया कासम पहुंचेगी। रात में यात्री यहीं रुकेंगे।
दूसरा दिन 8 सितंबर: यात्रा खजूरिया कासम से आगे बढक़र लसुडिय़ा पार और अरोलिया होते हुए आष्टा तहसील दफ्तर पहुंचेगी, जहां तहसील कार्यालय के सामने पूर्व कैबिनेट मंत्री सज्जन सिंह वर्मा की मौजूदगी में एक बड़ी आमसभा होगी। इसके बाद अधिकारियों को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

Exit mobile version