सीएम हेल्पलाइन रैंकिंग में स्वास्थ्य विभाग ने फिर लहराया परचम, लगातार दूसरे महीने प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान

सीहोर। जिला स्वास्थ्य विभाग ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे मध्य प्रदेश में अपनी धाक जमाई है। सीएम हेल्पलाइन पोर्टल की अक्टूबर की ग्रेडिंग में सीहोर जिले के लोक स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। खास बात यह है कि इससे पहले सितंबर माह में भी जिले ने इसी श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया था।
कलेक्टर बालागुरू के. ने इस लगातार शानदार उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम की सराहना की है। साथ ही निर्देश दिए हैं कि जनशिकायतों का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए, ताकि हर शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो सके।
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर
कलेक्टर बालागुरू के. की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और चल रहे विशेष अभियानों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में सीएमएचओ डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया और महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ज्ञानेश खरे सहित अन्य प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
नवजात शिशु सप्ताह का प्रभावी क्रियान्वयन
बैठक में जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 12 नवंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक सांस अभियान चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में निमोनिया की समय पर पहचान कर उसका तुरंत उपचार करना और लोगों को जागरूक करना है। इसके साथ ही 15 से 21 नवंबर तक राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह मनाया जा रहा है, जिसकी इस वर्ष की थीम नन्हें शिशु, उज्ज्वल भविष्य, बेहतर कल के लिए निरंतर देखभाल रखी गई है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाइयों, ऑक्सीजन और उपकरणों की पूरी उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
मातृ और शिशु स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान
कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं के समय पर पंजीयन, नियमित जांच, एनीमिया नियंत्रण और जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं के उचित इलाज के निर्देश दिए। इसके अलावा नवजात शिशुओं की घर पर देखभाल, स्तनपान, कंगारू मदर केयर और कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्रों में भर्ती कराने के निर्देश भी दिए गए।

Exit mobile version