Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

विजय सिंह राजपूत के हत्यारों को मिले कड़ी सजा, समाजजनों ने कलेक्ट्रेट में सौंपा ज्ञापन

सीहोर। भोपाल के अशोका गार्डन क्षेत्र में विजय सिंह राजपूत की नृशंस हत्या के विरोध में मंगलवार को सीहोर में आक्रोश देखा गया। क्षत्रिय राजपूत महासभा के बैनर तले बड़ी संख्या में समाजजनों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। समाज ने इस जघन्य हत्याकांड के मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम और उसके सहयोगियों के खिलाफ ऐसी कठोर कार्रवाई की मांग की है जो समाज के लिए नजीर बन सके।
ज्ञापन सौंपते समय महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि यह घटना न केवल दुखद है बल्कि समाज की शांति के लिए एक गंभीर चेतावनी भी है। महासभा ने आरोप लगाया कि एक विशेष वर्ग के असामाजिक तत्वों में कानून का खौफ खत्म होता जा रहा है। सरेआम चाकू और घातक हथियार लेकर घूमने वाले अपराधियों के कारण आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहा है। महासभा ने मांग की कि आरोपी आसिफ उर्फ बम का हाफ नहीं बल्कि पूर्ण एनकाउंटर होना चाहिए, ताकि अपराधियों के मन में पुलिस का खौफ पैदा हो।
पीडि़त परिवार के लिए सरकारी मदद की गुहार
क्षत्रिय राजपूत महासभा ने शासन से मांग की है कि मृतक विजय सिंह राजपूत की पत्नी रेखा राजपूत को जीवन यापन के लिए शासकीय नौकरी प्रदान की जाए। इसके साथ ही उनकी दोनों मासूम बच्चियों, उमिका और यति की शिक्षा की पूरी जिम्मेदारी सरकार उठाए और उनका दाखिला केंद्रीय विद्यालय जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं में कराया जाए। समाज ने पीडि़त परिवार को उचित आर्थिक सहायता और सुरक्षा मुहैया कराने पर भी जोर दिया है।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में चले मुकदमा
राजपूत समाज ने प्रशासन से आग्रह किया है कि समाज में बढ़ती अवैध हथियार रखने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए सघन जांच अभियान चलाया जाए। साथ ही विजय सिंह राजपूत हत्याकांड के इस संवेदनशील मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर जल्द से जल्द न्याय सुनिश्चित किया जाए।
ये रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान विजेंद्र सिंह सिसोदिया, दीपक सिंह परिहार, राजा सिंह गोहिल, अनमोल सिंह राजपूत, दुर्गेश सिंह राजपूत, सुनील सिंह सिसोदिया, राजेंद्र सिंह, कृष्ण सिंह, भोजराज सिंह, जगदीश सिंह, राहुल सिंह केलवा सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button