Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

लिव-इन पार्टनर ने ही तडक़े 4 बजे की थी हत्या….

सीहोर। करीब तीन सप्ताह पहले अम्बर नदी के पुल के पास मिली एक अज्ञात युवती की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। यह मामला प्रेम, धोखे और बेरहमी से की गई हत्या का निकला। युवती की पहचान असम निवासी राजीना बेगम के रूप में हुई है, जिसकी हत्या उसके ही लिव-इन पार्टनर ने अपने भाई के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर डायरी संबंधित थाने को भेज दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती 25 फरवरी को भैरुन्दा थाना क्षेत्र के ग्राम नंदगांव के पास अम्बर नदी के पुल के नीचे एक अज्ञात युवती का शव मिला था। सउनि रामकृष्ण गौर ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शिनाख्त न होने पर पुलिस ने डॉक्टरों के पैनल से पीएम कराया और 27 फरवरी को नियमानुसार शव को दफना दिया गया था।
तेलंगाना से असम तक जुड़ा पहचान का तार
एसपी दीपक कुमार शुक्ला के निर्देश और एसडीओपी रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी घनश्याम दांगी ने सोशल मीडिया और रेडियो मैसेज के जरिए युवती की पहचान के प्रयास शुरू किए। इसी बीचए मृतिका के भाई ने 7 मार्च को तेलंगाना के पेट वसीराबाद जिला साइबराबाद में गुमशुदगी दर्ज कराई, क्योंकि राजीना वहां बिग बास्केट कंपनी में काम करती थी। 16 मार्च को जांच के दौरान भाई ने मृतिका की पहचान राजीना बेगम 32 वर्ष निवासी लखीमपुर असम के रूप में की।
सगाई बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। राजीना हैदराबाद में अपने साथ काम करने वाले नीतेश यादव निवासी आरी माखन नगर के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहती थी। आरोपी नीतेश की शादी किसी दूसरी लडक़ी से तय हो गई थी और 13 फरवरी को उसकी सगाई भी हो गई। जब राजीना को इस बारे में पता चला तो दोनों के बीच विवाद होने लगा। राजीना से पीछा छुड़ाने और शादी न करने के उद्देश्य से नीतेश उसे हैदराबाद से अपने गांव ले आया।
सुबह 4 बजे की थी हत्या
25 फरवरी की सुबह करीब 4 बजे नीतेश ने आरी गांव के पास राजीना की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद नीतेश और उसके भाई सचिन ने शव को बाइक पर रखा और करीब 40-50 किमी दूर भैरुन्दा की अम्बर नदी में पुल से नीचे फेंक दिया। इधर उपनिरीक्षक पूजा राजपूत द्वारा 17 मार्च को मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया। चूंकि हत्या की मूल घटना माखननगर जिला नर्मदापुरम की है, इसलिए भैरुन्दा पुलिस ने जीरो पर एफआईआर दर्ज कर केस डायरी संबंधित थाने को आगामी कार्यवाही हेतु स्थानांतरित कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button