
रेहटी। सीहोर जिले की बुधनी विधानसभा को कई विकास कार्यों की सौगात मिली। इस दौरान जहां भूरीटेक में पानी की टंकी निर्माण का भूमि पूजन किया गया तो वहीं ग्राम पंचायत बोरदी में नवीन शासकीय हाईस्कूल भवन का लोकार्पण किया गया। इसी तरह ग्राम पंचायत मरदानपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मांगलिक भवन एवं मछुवारा भवन का लोकार्पण भी किया। इस दौरान बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव ने कांग्रेस शासनकाल को याद किया और एक किस्सा सुनाते हुए कहा कि एक समय था जबकि मालीबायां से बोरदी पहुंचने में 40 मिनट का समय लगता था। सड़क में 4-4 फिट के गड्ढे रहते थे, लेकिन अब इसी सड़क पर पांच मिनट में पहुंच जाते हैं। कांग्रेस के शासन में सिर्फ परेशानियां ही परेशानियां थीं। इसके बाद सत्ता की बागडोर शिवराज सिंह चौहान के हाथों में आई और आज बुधनी विधानसभा सहित पूरा मध्यप्रदेश विकास के पथ पर चल रहा है। अब मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव उस विकास को रफ्तार देने में जुटे हुए हैं।
बुधनी में विकास के कोई कमी नहीं रहेगी: कार्तिकेय सिंह चौहान
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुत्र एवं युवा नेता कार्तिकेय सिंह चौहान ने कहा कि बुधनी का विकास पहले भी खूब हुआ है और अब आगे भी इसमें कोई कमी नहीं रहने देंगे। बुधनी को मध्यप्रदेश का मॉडल विधानसभा बनाया गया है और अब बुधनी की तर्ज पर ही प्रदेशभर में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुधनी और यहां की जनता उनके दिल में बसती है। इससे पहले भूरीटेक पहुंचे विधायक रमाकांत भार्गव एवं कार्तिकेय सिंह चौहान का भाजपा सलकनपुर मंडल अध्यक्ष बनवीर सिंह चंद्रवंशी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य अगवानी की। कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्जवन के साथ हुई।
शोक संवेदना व्यक्त करने भी पहुंचे-
विधायक रमाकांत भार्गव, कार्तिकेय सिंह चौहान बुधनी विधानसभा के कई गांवों में शोक संवेदना व्यक्त करने भी पहुंचे। इस दौरान वे ग्राम गोंडीगुराड़िया में स्वर्गीय सुमेर सिंह राजपूत के घर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। ग्राम जाजना में प्रेम सिंह यादव के बड़े भाई के निधन एवं ग्राम पिपलिया में विनय गौर एवं दीपक गौर की माताजी के निधन पर भी शोक संवेदना व्यक्त की। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष रवि मालवीय, जिला उपाध्यक्ष प्रेमनारायण मीणा, वरिष्ठ नेता रघुनाथ सिंह भाटी, आसाराम यादव, रामनारायण साहू, रेहटी नगर परिषद अध्यक्ष राजेंद्र मीना पटेल, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र पाटीदार, उपाध्यक्ष चेतन पटेल, राजेश राजपूत, नीतेश साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।