भैरूंदा में लोकदेवता वीर तेजाजी की प्रतिमा का अनावरण, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान बोले- वचन निभाना सिखाता है तेजाजी का जीवन

सीहोर। बाबा भैरव की नगरी भैरूंदा में शनिवार को आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का अनूठा संगम देखने को मिला। सत्यवादी लोकदेवता वीर तेजाजी महाराज की भव्य प्रतिमा का अनावरण केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। नर्मदा क्षेत्रीय जाट समाज द्वारा आयोजित इस गरिमामय समारोह में सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिससे पूरा क्षेत्र जयघोषों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक रीति रिवाज, पूजन अर्चन और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। जैसे ही केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रतिमा का अनावरण किया, पूरा पंडाल सत्यवादी वीर तेजाजी महाराज की जय के नारों से गुंजायमान हो उठा। इस ऐतिहासिक क्षण का स्वागत श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर किया। कार्यक्रम में महिलाओं और युवाओं की भारी उत्साहपूर्ण भागीदारी ने माहौल को और भी खास बना दिया।
वचनबद्धता और त्याग के प्रतीक हैं तेजाजी
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वीर तेजाजी महाराज का जीवन सत्य, त्याग और अटूट वचनबद्धता का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा तेजाजी केवल एक समाज के आराध्य नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन हमें सिखाता है कि यदि किसी को वचन दोए तो उसे हर हाल में निभाओ।
उन्होंने तेजाजी महाराज की लोकगाथा का जिक्र करते हुए बताया कि कैसे उन्होंने गायों को मुक्त कराने के लिए अपने प्राणों की परवाह नहीं की और नागराज को दिया अपना वचन निभाया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे तेजाजी के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
जाट समाज की सराहना
केंद्रीय मंत्री ने जाट समाज की सराहना करते हुए कहा कि खेत की मेड़ से लेकर देश की सीमाओं तक यह समाज हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़ा रहा है। उन्होंने समाज की एकजुटता को उसकी सबसे बड़ी ताकत बताया और विश्वास जताया कि यह प्रतिमा आने वाली पीढय़िों के लिए सामाजिक समरसता का केंद्र बनेगी।
मांगपत्र सौंपा, मिला आश्वासन
इस अवसर पर नर्मदा क्षेत्रीय अध्यक्ष गणेश भारी ने जाट समाज की ओर से केंद्रीय मंत्री को एक मांगपत्र सौंपा। इसमें धर्मशाला निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने और ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए छात्रावास की व्यवस्था करने की प्रमुख मांगें शामिल थीं। केंद्रीय मंत्री ने इन समाजहित के कार्यों में सकारात्मक सहयोग देने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल, विधायक रमाकांत भार्गव, नगर परिषद अध्यक्ष मारुति शिशिर, तेजाजी महापंचायत बोर्ड के अध्यक्ष पप्पू गोरा सहित गणेश भारी, देवीसिंह बेड़ा, रामभरोस खेरवा, आनंद जाट, सुनील गोल्या और कई अन्य जनप्रतिनिधि व समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भंडारे के साथ हुआ समापन
अंत में सभी उपस्थित जनों को तेजाजी महाराज के आदर्शों पर चलने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम का समापन एक विशाल भंडारे के साथ हुआ, जिसमें बड़ीसंख्या में लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। यह समारोह क्षेत्र में सामाजिक समरसता और प्रेरणा का एक बड़ा संदेश दे गया।

Exit mobile version