
सीहोर। शासकीय महात्मा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोपाल में आयोजित प्रतिष्ठित संभागीय कला उत्सव 2025 में सीहोर जिले का नाम ऊंचा हुआ है। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बायां की छात्राएं अक्षरा और रश्मि रिछारिया ने पारंपरिक कहानी वाचन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है।
इन छात्राओं ने अपनी मधुर आवाज, उत्कृष्ट प्रस्तुति और पारंपरिक कहानी कहने के अनूठे अंदाज से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया और प्रथम स्थान हासिल किया। इस जीत के साथ अक्षरा और रश्मि रिछारिया ने भोपाल में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कला उत्सव के लिए क्वालीफाई कर लिया है, वे अब राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सीहोर और संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी इस उपलब्धि पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बायां के समस्त स्टाफ, अभिभावकों ने बधाई दी है और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। इधर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल हो रही इन छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बायां के प्राचार्य प्रवीण झारिया, मनीषा व्यास, पूजा सिंगोदिया एवं समस्त स्टाफ को भी अग्रिम शुभकामनाएं दी गई हैं। सभी को विश्वास है कि ये छात्राएं राज्य स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन करेंगी और एक बार फिर जिले को सफलता दिलाएंगी।